राष्ट्रीय
9 पुलिस कर्मियों को मौत की सजा

6 साल पहले पिता-पुत्र की हिरासत में हुई मौत , कोविड में एक आरोपी की मौत
( एजेंसी ) //
तमिलनाडु के सथानकुलम में पिता-पुत्र की हिरासत में मौत के मामले में मदुरै फर्स्ट एडिशनल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने सोमवार को इंस्पेक्टर एस. श्रीधर समेत सभी नौ दोषी पुलिस कर्मियों को मौत की सजा सुनाई है ।


जज जी. मुथु कुमारन ने कहा कि पहले आरोपी, पुलिस इंस्पेक्टर श्रीधर को मौत की सजा और 15 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है । अदालत ने घोषणा की कि सभी 9 दोषियों को दोहरी मौत की सजा दी जाएगी क्योंकि उन्होंने पी. जयराज और उनके बेटे बेनिक्स दोनों की हत्या की थी, जिनकी जून 2020 में तमिलनाडु के थूथुकुडी जिले में हिरासत में बुरी तरह मारपीट के बाद मौत हो गई थी ।
इस मामले में कुल 10 आरोपी थे , जिनमें से एक की कोविड के दौरान मौत हो गई थी ।
पूरा मामला
- 19 जून 2020 को पुलिस ने मोबाइल कारोबारी पी. जयराज (59) और उनके बेटे जे. बेनिक्स (31) को हिरासत में लिया था ।
- आरोप था कि उन्होंने लॉकडाउन के दौरान अपनी दुकान खुली रखी थी ।
- दोनों को सथानकुलम पुलिस स्टेशन ले जाया गया और बाद में न्यायिक हिरासत में भेजा गया ।
- कुछ ही दिनों बाद उनकी मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि दोनों के साथ थाने में रातभर मारपीट की गई थी । उनके शरीर पर गंभीर चोट और खून के निशान मिले ।
CBI जांच में पुष्टि
- मद्रास हाईकोर्ट के निर्देश पर राज्य की CB-CID से लेकर CBI को केस सौंपा गया ।
- एजेंसी ने इंस्पेक्टर, दो सब-इंस्पेक्टर और अन्य पुलिसकर्मियों समेत 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया ।
- जांच के दौरान एक महिला कांस्टेबल ने बयान दिया कि पिता-पुत्र को पूरी रात पीटा गया। थाने में टेबल और लाठियों पर खून के निशान मिले ।
- यह गवाही मामले में अहम सबूत बनी ।
अदालत का फैसला
- जज जी. मुथुकुमारन ने CBI की दलील को मानते हुए कहा कि दोनों को योजनाबद्ध तरीके से टॉर्चर किया गया था ।
- इसलिए अधिकतम सजा सुनाई गई ।
- हालांकि जांच में यह भी सामने आया कि सथानकुलम थाने का CCTV फुटेज सुरक्षित नहीं रखा गया, जिससे महत्वपूर्ण सबूत गायब हो गए ।
दोषी पुलिसकर्मी
- इंस्पेक्टर: एस. श्रीधर
- सब-इंस्पेक्टर: पी. रघु गणेश, के. बालकृष्णन
- हेड कॉन्स्टेबल: एस. मुरुगन, ए. समदुरई
- कॉन्स्टेबल: एम. मुथुराज, एस. चेल्लादुरई, एक्स. थॉमस फ्रांसिस, एस. वेलुमुथु
- 10वें आरोपी, स्पेशल सब-इंस्पेक्टर पॉलदुरई, की कोविड के दौरान मौत हो गई थी ।



