ट्रम्प के बयान से अमेरिका में सियासी तूफान: 25वें संशोधन की मांग तेज , क्या जेडी वेंस बनेंगे अगले राष्ट्रपति ?

ईरान पर तीखे शब्दों से घिरे ट्रम्प, विपक्षी नेताओं ने हटाने की उठाई मांग
वॉशिंगटन ( शिखर दर्शन ) // ईरान को लेकर दिए गए तीखे और विवादित बयान के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अपने ही देश में राजनीतिक घेराबंदी का सामना कर रहे हैं। ट्रम्प द्वारा सोशल मीडिया पर ईरान के खिलाफ अपशब्दों के इस्तेमाल के बाद अमेरिका में उनके खिलाफ 25वें संशोधन के तहत कार्रवाई की मांग तेज हो गई है, जिससे राजनीतिक हलचल बढ़ गई है।
ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए ईरान को ‘होर्मुज स्ट्रेट’ खोलने की चेतावनी दी और कहा कि तय समय सीमा के भीतर ऐसा नहीं हुआ तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इस दौरान उनके द्वारा इस्तेमाल की गई भाषा पर विपक्षी नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई है।
अमेरिका में कई विपक्षी सांसदों ने ट्रम्प के इस व्यवहार को राष्ट्रपति पद की गरिमा के खिलाफ बताते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की है। कुछ सांसदों ने 25वें संशोधन को लागू करने की बात कही है, जिसके तहत यदि राष्ट्रपति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने में अक्षम पाए जाते हैं, तो उन्हें पद से हटाया जा सकता है।
बताया जा रहा है कि यदि यह प्रक्रिया आगे बढ़ती है और ट्रम्प को पद छोड़ना पड़ता है, तो उपराष्ट्रपति जेडी वेंस शेष कार्यकाल के लिए राष्ट्रपति पद संभाल सकते हैं। हालांकि, इस प्रक्रिया के लिए कैबिनेट और संसद दोनों की मंजूरी आवश्यक होती है, जो एक जटिल और लंबी प्रक्रिया है।
फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम ने अमेरिकी राजनीति में नई बहस छेड़ दी है और आने वाले दिनों में स्थिति और अधिक स्पष्ट होने की संभावना है।



