दुर्ग पुलिस में बड़ा एक्शन: TI सस्पेंड, 6 अधिकारियों के तबादले से मचा हड़कंप

लापरवाही पर सख्ती, अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई में कमी बनी वजह; 7 दिन में मांगी गई जांच रिपोर्ट
दुर्ग ( शिखर दर्शन ) // जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय कुमार अग्रवाल ने नंदिनी नगर थाना प्रभारी निरीक्षक भानु प्रताप साव को कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
लापरवाही पर गिरी गाज : जारी आदेश के अनुसार, अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देशों के बावजूद नंदिनी नगर क्षेत्र में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। वर्ष 2026 में आबकारी, एनडीपीएस, जुआ और सट्टा मामलों में प्रकरणों की संख्या बेहद कम पाई गई, जिसे गंभीर लापरवाही माना गया। इसी आधार पर निरीक्षक भानु प्रताप साव को निलंबित कर रक्षित केंद्र दुर्ग अटैच किया गया है। मामले की जांच के लिए अधिकारियों को 7 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
थाना प्रभारियों में फेरबदल : इस कार्रवाई के तहत छावनी थाना प्रभारी मनीष शर्मा को हटाकर यातायात विभाग भेजा गया है। इसके अलावा चार उप निरीक्षकों और एक सहायक उप निरीक्षक के प्रभार में भी बदलाव किया गया है।
इन अधिकारियों का हुआ तबादला :
निरीक्षक मनीष शर्मा – थाना प्रभारी धमधा से यातायात विभाग
उप निरीक्षक अमित अडवानी – थाना प्रभारी पुलगांव से थाना प्रभारी धमधा
उप निरीक्षक गुरविंदर सिंह संधु – रक्षित केंद्र दुर्ग से थाना प्रभारी पुलगांव
उप निरीक्षक महेश्वर लाल देवांगन – रक्षित केंद्र दुर्ग से यातायात विभाग
उप निरीक्षक परवेजी यादव – रक्षित केंद्र दुर्ग से पुरानी भिलाई
सहायक उप निरीक्षक दयालू राम – यातायात दुर्ग से रक्षित केंद्र दुर्ग
सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
सख्त संदेश : एसएसपी की इस कार्रवाई को जिले में पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इससे स्पष्ट संदेश गया है कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




