बिलासपुर संभाग

राजस्व पखवाड़ा: बिलासपुर के गांवों में 6 अप्रैल को विशेष शिविर, जमीन से जुड़े मामलों का मौके पर समाधान

बिलासपुर (शिखर दर्शन) // जिले के किसानों और आम नागरिकों के लिए राहत भरी पहल के तहत प्रशासन ने जमीन से जुड़े लंबित मामलों के निराकरण के लिए राजस्व पखवाड़ा शुरू किया है। अभियान का पहला चरण 1 अप्रैल से प्रारंभ होकर 15 अप्रैल तक चलेगा, जिसके अंतर्गत 6 अप्रैल को विभिन्न गांवों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।

गांव-गांव पहुंचेंगे अधिकारी, मौके पर होगा निराकरण

इन शिविरों में राजस्व विभाग के अधिकारी सीधे गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और तत्काल समाधान का प्रयास करेंगे। जमीन बंटवारा, सीमांकन, नक्शा सुधार जैसे कार्यों के साथ ही बिना विवाद वाले नामांतरण और फौती नामांतरण के मामलों का भी निपटारा किया जाएगा।

साथ ही रिकॉर्ड में त्रुटि सुधार के लिए ऑन-द-स्पॉट ऑनलाइन आवेदन दर्ज कर तुरंत प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि लोगों को बार-बार तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें।

इन क्षेत्रों में लगेंगे शिविर

6 अप्रैल को बिलासपुर तहसील के मटियारी, तालपारा, जूना बिलासपुर और बिरकोना में शिविर आयोजित होंगे। वहीं बेलतरा तहसील के उच्चभट्ठी और मंजूरपहरी, मस्तूरी के कोसमडीह, सीपत के गुड़ी, खैरवारपारा, ढरकपुर, भरूवाडीह तथा पचपेड़ी के मानिकचौरी, सुकुलकारी और लोहर्सी में भी प्रशासनिक टीम पहुंचेगी।

इसके अलावा तखतपुर, सकरी, बिल्हा, बोदरी, कोटा, बेलगहना और रतनपुर तहसील के विभिन्न गांवों में भी तहसीलदारों की मौजूदगी में समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

तीन चरणों में चलेगा अभियान

यह राजस्व पखवाड़ा जिले में तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा है—

  • पहला चरण: 1 अप्रैल से 15 अप्रैल
  • दूसरा चरण: 4 मई से 18 मई
  • तीसरा चरण: 1 जून से 15 जून 2026

कलेक्टर ने की अपील

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिले के किसानों और आम जनता से अपील की है कि वे इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी लंबित समस्याओं का त्वरित समाधान कराएं और शासन की इस पहल का लाभ उठाएं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!