आईपीएल पर ऑनलाइन सट्टा: बिलासपुर में 2 आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार, ₹1.48 लाख नकद जब्तपुलिस की संयुक्त कार्रवाई, मोबाइल और एक्टिवा भी जब्त, जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खेलते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जुआ और सट्टा गतिविधियों पर अंकुश लगाने के तहत यह कार्रवाई की गई।
4 अप्रैल 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक मोबाइल फोन के माध्यम से राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच चल रहे आईपीएल मैच पर हार-जीत और रन बनाने को लेकर ऑनलाइन सट्टा खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर एसीसीयू और थाना सिविल लाइन की संयुक्त टीम ने छापा मारकर सौरभ पवार (32 वर्ष) निवासी सिंधी कॉलोनी जरहाभाठा और कमल पंजवानी (30 वर्ष) निवासी चकरभाठा कैंप को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक एक्टिवा (CG-10 AJ-8770) और ₹1,48,500 नकद जब्त किए हैं।
दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7(2) एवं बीएनएस की धारा 112 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध सट्टा कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



