RCB vs CSK: टॉस जीतकर चेन्नई ने चुनी गेंदबाजी, बेंगलुरु में हाई-वोल्टेज मुकाबला शुरू

चिन्नास्वामी की बल्लेबाजों के अनुकूल पिच पर रन बरसने के आसार, दोनों टीमें बिना बदलाव उतरी मैदान में

बेंगलुरु ( शिखर दर्शन ) // आईपीएल 2026 के डबल हेडर के दूसरे मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में दोनों टीमें बिना किसी बदलाव के अपनी-अपनी प्लेइंग इलेवन के साथ उतरी हैं। चेन्नई की नजर सीजन की पहली जीत पर है, जबकि बेंगलुरु जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी।
अब तक के प्रदर्शन की बात करें तो RCB ने अपने पहले मैच में शानदार जीत दर्ज की थी, जबकि CSK को शुरुआती दोनों मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में यह मुकाबला चेन्नई के लिए वापसी का मौका माना जा रहा है।
एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए काफी मददगार मानी जाती है। यहां गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आती है और तेज आउटफील्ड के चलते रन तेजी से बनते हैं। आमतौर पर इस मैदान पर 180-200 का स्कोर प्रतिस्पर्धी माना जाता है। दूसरी पारी में ओस का असर भी देखने को मिल सकता है, जिससे लक्ष्य का पीछा करना आसान हो जाता है।
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में चेन्नई का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 35 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें चेन्नई ने 21 और बेंगलुरु ने 13 मैच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला बेनतीजा रहा है। हालांकि पिछले सीजन में खेले गए दोनों मैच RCB ने अपने नाम किए थे।

संभावित प्लेइंग 11 पर एक नजर
● रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: फिलिप साल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह, जैकब डफी
● चेन्नई सुपर किंग्स: संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, प्रशांत वीर, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, मैट हेनरी, खलील अहमद
मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जा रहा है, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध है। इस हाई-स्कोरिंग मैदान पर एक और रोमांचक मुकाबले की पूरी उम्मीद है।




