23 साल की तपस्या रंग लाई: गौ सेवा के लिए दानवीर ने समर्पित की जमीन, बिलासपुर में बनेगा विशाल गौ सेवा धाम

आंदोलन से सेवा तक का सफर, भूमिपूजन के साथ शुरू हुआ नई उम्मीदों का अध्याय
समाजसेवी राम अवतार अग्रवाल ने निजी भूमि दान कर पेश की प्रेरणा, गौ सेवा को लेकर जनमानस से जुड़ने की अपील
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // बिलासपुर गौ सेवा धाम, जो पिछले 23 वर्षों से घायल गौमाता और नंदी बाबा का इलाज कर रहा है, लंबे समय से भूमि की मांग को लेकर शासन-प्रशासन से संघर्षरत था। इस मांग को लेकर संस्था द्वारा दिल्ली तक पदयात्रा, रायपुर तक पदयात्रा और बिलासपुर में कई आंदोलन किए गए। वर्षों की इस तपस्या का परिणाम तब सामने आया जब बिलासपुर के समाजसेवी एवं गौ सेवक श्री राम अवतार अग्रवाल ने गौ सेवा के लिए अपनी निजी भूमि गौ सेवा धाम को समर्पित कर दी। इसी के साथ आज विधिवत पूजा-अर्चना के बीच विशाल गौ सेवा धाम का भूमिपूजन संपन्न हुआ।

इस अवसर पर श्री राम अवतार अग्रवाल ने कहा कि गौमाता हमारे जन्म से लेकर मृत्यु तक होने वाले 16 संस्कारों में जुड़ी रहती हैं और उनका स्थान सनातन परंपरा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गौ सेवा से न केवल पुण्य की प्राप्ति होती है, बल्कि परिवार की रक्षा और जीवन में सुख-समृद्धि का मार्ग भी प्रशस्त होता है। उन्होंने आम जनमानस से आह्वान किया कि वे भी इस पुण्य कार्य से जुड़कर गौ सेवा में अपना योगदान दें।

संस्था के विपुल शर्मा ने कहा कि बिलासपुर की धरती पर आज भी ऐसे दानवीर मौजूद हैं, जो अपना सर्वस्व समाज सेवा के लिए समर्पित कर देते हैं। उन्होंने श्री राम अवतार अग्रवाल को आधुनिक युग का कर्ण बताते हुए कहा कि उनके इस योगदान से गौ सेवा के क्षेत्र में एक नई शुरुआत होगी। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि तन, मन और धन से इस विशाल गौ सेवा धाम से जुड़कर गौमाता की सेवा में सहभागी बनें, ताकि भविष्य में यहां आधुनिक चिकित्सा और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

भूमिपूजन के दौरान गौमाता का विधिवत पूजन एवं आरती की गई। इसके पश्चात प्रसाद वितरण कर सभी ने इस शुभ अवसर की खुशियां साझा कीं।
इस अवसर पर समिति के सदस्य श्री नरेन्द्र यादव, संतोष शर्मा, संजय साहू, पुष्पदंत शर्मा, पवन शर्मा, उज्जवल भट्टाचार्य, आचार्य सचिन, गोपाल कृष्ण रामानुजदास, विकास शर्मा, शत्रुघ्न यादव, आशीष त्रिपाठी, विशु साहू, रवि पटेल, कान्हा यादव, आशीष यादव, गोपाल मजूमदार, शिवांश पांडेय, शुभम, सुनीता साहू, आशीष खण्डेलवाल, हिमांशु गुप्ता, अंकुश शर्मा, किरण यादव, संतोषी शर्मा, रेखा, अभय, स्मृति, अरुणिमा मिश्रा, स्नेहा, श्रुति, गोविंदराय, अभिषेक ठाकुर, प्रिंस वर्मा, अनोखे शुक्ला, कोरी जी, विनय शर्मा, गौरव, शुभम शुक्ला, जितेन्द्र लकड़ा सहित गौ सेवा धाम समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।



