कोरबा चौपाटी में सिलेंडर चोरी से हड़कंप: नगदी सुरक्षित, छोटे व्यापारियों में बढ़ी चिंता

दो दुकानों को बनाया निशाना, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
कोरबा ( शिखर दर्शन ) // शहर के घंटाघर स्थित गढ़कलेवा चौपाटी में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात गैस सिलेंडर चोरी की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। अज्ञात चोरों ने दो फास्टफूड दुकानों को निशाना बनाते हुए केवल गैस सिलेंडर चोरी किए, जबकि नगदी और अन्य सामान को हाथ तक नहीं लगाया, जिससे घटना ने व्यापारियों की चिंता और बढ़ा दी है।
घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह उस समय सामने आई, जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे और ताले टूटे हुए पाए। मामले की शिकायत सिविल लाइन थाना पुलिस में दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
चौपाटी संघ के अध्यक्ष रवि वर्मा के अनुसार गढ़कलेवा चौपाटी में 60 से अधिक दुकानें संचालित होती हैं, जिनसे कई परिवारों का जीवन-यापन जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि पहले से ही गैस सिलेंडर की भारी किल्लत बनी हुई है और ब्लैक मार्केट में ऊंचे दामों पर सिलेंडर मिल रहे हैं, ऐसे में चोरी की यह घटना व्यापारियों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है।
व्यापारियों ने निगम प्रशासन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि चौपाटी में सीसीटीवी कैमरे ठीक से काम नहीं कर रहे हैं और सुरक्षा गार्ड की भी कोई व्यवस्था नहीं है। कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।
पीड़ित दुकानदारों ने बताया कि सिलेंडर चोरी होने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। एक दुकानदार को तो अपनी दुकान बंद करने तक की नौबत आ गई है।
घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से चौपाटी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और ऐसी घटनाओं पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।




