Blog

अष्टमी पर मैहर में उमड़ा श्रद्धा का सागर: मां शारदा के दरबार में गूंजे जयकारे

मैहर ( शिखर दर्शन ) // चैत्र नवरात्रि की अष्टमी के पावन अवसर पर देशभर में भक्ति और आस्था का माहौल देखने को मिला। मध्य प्रदेश के मैहर स्थित प्रसिद्ध मां शारदा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। गुरुवार सुबह से ही मंदिर परिसर में लंबी कतारें लग गईं और हर कोई माता के दर्शन के लिए उत्सुक नजर आया।

अष्टमी के मौके पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और भव्य आरती का आयोजन किया गया। मंदिर के प्रधान पुजारी पवन दाऊ जी महाराज ने विधि-विधान से माता की आरती कर भोग अर्पित किया। जैसे ही आरती शुरू हुई, पूरा मंदिर ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।

श्रद्धालुओं के चेहरों पर अटूट विश्वास और आस्था साफ झलक रही थी। मान्यता है कि अष्टमी के दिन सच्चे मन से मांगी गई हर मनोकामना पूरी होती है, यही वजह है कि हजारों की संख्या में भक्त यहां पहुंचे।

वहीं देवास में भी अष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। मां तुलजा भवानी मंदिर और मां चामुंडा मंदिर में विशेष पूजा और आरती हुई, जहां श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि की कामना की।

इसके अलावा काशीपुर के प्रसिद्ध मां बाल सुंदरी देवी मंदिर में चैत्र नवरात्रि अष्टमी पर भव्य आयोजन हुआ। यहां लगने वाला चैती मेला भी इस बार खास आकर्षण का केंद्र रहा। अष्टमी के दिन माता की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत के बीच निकली इस शोभायात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया।

पूजा-अर्चना के बाद भव्य आरती कर श्रद्धालुओं के लिए दर्शन के द्वार खोल दिए गए। पुजारियों के अनुसार अष्टमी के दिन माता के दर्शन का विशेष महत्व होता है, यही कारण है कि हर वर्ष इस दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!