क्या भारत में फिर लगेगा लॉकडाउन? पीएम मोदी के बयान से साफ हुई तस्वीर

युद्ध और होर्मुज संकट के बीच फैली अफवाहों पर विराम, सरकार ने कहा—घबराने की जरूरत नहीं
नई दिल्ली // ( शिखर दर्शन ) //
देश में एक बार फिर लॉकडाउन की आशंकाओं को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं, लेकिन केंद्र सरकार ने इन अफवाहों पर स्पष्ट रूप से विराम लगा दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में साफ कहा है कि भारत में लॉकडाउन लगाने जैसी कोई स्थिति नहीं है और सरकार हर तरह की चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
हाल के दिनों में “लॉकडाउन इन इंडिया” को लेकर इंटरनेट पर सर्च में तेजी देखी गई है, जिससे लोगों में चिंता का माहौल बन गया। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि यह डर 2020 के कोविड लॉकडाउन की यादों और मौजूदा वैश्विक हालात के कारण पैदा हुआ है।
वर्तमान में कोविड-19 का खतरा काफी हद तक कम हो चुका है, लेकिन अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रहे तनाव ने नई चिंताएं जरूर बढ़ाई हैं। खासकर होर्मुज जलडमरूमध्य में बने हालात को लेकर आशंका जताई जा रही है कि कहीं इसका असर भारत की सप्लाई चेन पर न पड़े।
इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने संसद में भरोसा दिलाया कि सरकार देश की ऊर्जा और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति को लेकर पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि भारत अब तेल आपूर्ति के लिए कई देशों पर निर्भर है, जिससे किसी एक क्षेत्र में संकट का सीधा असर कम हो जाता है।
सरकार के अनुसार देश में तेल और गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और सप्लाई चेन को सुरक्षित रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी तैयार हैं। ऐसे में किसी भी तरह के लॉकडाउन की जरूरत नहीं है।
बताया जा रहा है कि 24 मार्च को 2020 के लॉकडाउन की बरसी के चलते भी सोशल मीडिया पर पुराने पोस्ट और यादें वायरल हुईं, जिससे यह भ्रम और बढ़ गया।
सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। फिलहाल देश में सामान्य स्थिति बनी हुई है और किसी भी प्रकार के लॉकडाउन की कोई योजना नहीं है।



