पुलिसिंग में डिजिटल क्रांति की शुरुआत, आईजी ने थानों में तकनीकी सुधार के दिए निर्देश

फरियादियों की सुविधा से लेकर तकनीकी सुधार तक थानों की किया सटीक निरीक्षण
आईजी रामगोपाल गर्ग ने किया औचक निरीक्षण, पुलिस थानों में सुधार और हाईटेक क्रांति को दी दिशा
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने शुक्रवार को जिले के सिविल लाइन और तोरवा थाना का औचक निरीक्षण कर पुलिसिंग की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। इस दौरान उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह और प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी अंशिका जैन भी उनके साथ मौजूद रहीं।
थानों में सुधार और तकनीकी उन्नयन पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान आईजी ने थाना परिसरों की साफ-सफाई, फरियादियों के बैठने की व्यवस्था और थानों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने थानों में संधारित रजिस्टरों की जांच कर उन्हें अद्यतन और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। आईजी ने कहा कि शिकायतों का समयबद्ध निराकरण और थाने आने वाले फरियादियों से विनम्र व संवेदनशील व्यवहार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने थानों में फीडबैक प्रणाली को मजबूत करने के लिए ‘अनुभव’ अभियान के तहत क्यूआर कोड लगाने के निर्देश दिए। चोरी हुए वाहनों की शत-प्रतिशत बरामदगी के लिए ‘सशक्त’ ऐप में चोरी और लावारिस वाहनों की प्रविष्टि तेजी से करने पर भी जोर दिया। आईजी ने कहा कि तकनीक का बेहतर उपयोग पुलिसिंग को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बना सकता है।
रक्षित केंद्र का दौरा और निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा
सिविल लाइन और तोरवा थाना निरीक्षण के बाद पुलिस महानिरीक्षक ने रक्षित केंद्र बिलासपुर का भी दौरा किया। यहां उन्होंने निर्माणाधीन रक्षित निरीक्षक कार्यालय की प्रगति की जानकारी ली और कार्यों में गुणवत्ता व समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।
आईजी की प्राथमिकताएं और आगे की योजना
आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि जिले के थानों और पुलिस बल को हाईटेक बनाना, मोबाइल ऐप और आधुनिक तकनीकों के उपयोग में सक्षम करना उनकी प्रमुख प्राथमिकता है। इसके लिए कार्य पहले ही शुरू हो चुका है और इसके सकारात्मक परिणाम जल्द ही फील्ड स्तर पर नजर आएंगे।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि पुलिस महानिरीक्षक द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का जिले में प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित किया जाएगा और थानों में सुधार व तकनीकी उन्नयन लगातार जारी रहेगा।



