मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नारायणपुर में सुरक्षा बलों से की मुलाकात, जवानों का मनोबल बढ़ाते हुए साथ किया रात्रि भोज

नारायणपुर / रायपुर (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को नारायणपुर प्रवास के दौरान आईटीबीटी बटालियन परिसर में केंद्रीय और राज्य सुरक्षा बलों के जवानों से मुलाकात कर उनके अदम्य साहस और पराक्रम की सराहना की। इस दौरान सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन, बीएसएफ, डीआरजी और सीएएफ के जवानों के साथ मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों ने आत्मीय बातचीत की और रात्रि भोज किया।
मुख्यमंत्री ने जवानों से बातचीत में कहा कि बस्तर के कई इलाके प्राकृतिक संसाधनों और सांस्कृतिक विरासत से संपन्न होने के बावजूद माओवाद आतंक के कारण लंबे समय तक विकास की मुख्यधारा से कटे हुए थे। उन्होंने कहा, “आप सभी के साहस, शौर्य और पराक्रम के कारण ही बस्तर में शांति और सुरक्षा का वातावरण बना है और विकास कार्यों को गति मिली है। कठिन परिस्थितियों में सेवा कर रहे जवानों का मनोबल बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है।”
मुख्यमंत्री ने सुरक्षा बलों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उनके कल्याण और सुविधाओं के लिए लगातार प्रयासरत है। जवानों ने भी मुख्यमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए और इस आत्मीय मुलाकात को प्रेरणादायक बताया।
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सुरक्षा बलों द्वारा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के संकल्प को दृढ़ता से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब बम और गोलियों की आवाज़ की जगह आमजन की चहल-पहल, स्कूलों में ककहरा की गूंज और गांवों में मांदर की थाप सुनाई दे रही है।

कार्यक्रम में अतिथियों ने जवानों को उपहार भेंट किए, जबकि सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री और मंत्रियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। ज्ञात हो कि नक्सल गतिविधियों को नियंत्रण में रखने के लिए सुरक्षा कैम्प स्थापित किए गए हैं और केंद्रीय व राज्य सुरक्षा बलों के दस्तों को तैनात किया गया है।



