पिता की सनसनीखेज हरकत: 11 साल के बेटे की हत्या कर बनाया वीडियो, पत्नी को कॉल कर कहा – ‘लाश वहीं पड़ी है, उठा लो’”

दिल्ली (शिखर दर्शन) // राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने गुस्से और पारिवारिक विवाद के चलते अपने 11 साल के बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने हत्या का वीडियो बनाया और उसे परिवार को भेजकर सनसनी मचा दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी वाजिद खान और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी झगड़े के दौरान गुस्से में वाजिद ने अपने बेटे अल्तमश की जान ले ली। हत्या के बाद आरोपी ने पत्नी को फोन कर कहा कि बच्चे की लाश पड़ी हुई है और वह उसे लेने आ जाए। पत्नी को पहले भरोसा नहीं हुआ, लेकिन आरोपी ने कसम खाकर हत्या की पुष्टि कर दी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बच्चे के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार का कहना है कि अल्तमश बेहद मासूम और किसी से दुश्मनी रहित था।
पुलिस ने आरोपी वाजिद खान के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। यह घटना पूरे इलाके में हड़कंप मचा चुकी है और लोगों को झकझोर कर रख दिया है।



