सुरक्षाबलों की कार्रवाई में दो नक्सली ढेर, AK-47 समेत हथियार बरामद

गुडराज गुडेम में सुरक्षाबलों–नक्सलियों की मुठभेड़, दो नक्सली ढेर; AK-47 बरामद, लंकापल्ली में 2 IED निष्क्रिय
बीजापुर ( शिखर दर्शन ) //
जिले के गुडराज गुडेम इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने दो नक्सलियों को मार गिराया है। मारे गए नक्सलियों के पास से एक AK-47 समेत अन्य हथियार बरामद किए गए हैं। फिलहाल क्षेत्र में दोनों ओर से रुक-रुक कर गोलीबारी की सूचना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुडराज गुडेम इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर डीआरजी की टीम सर्च अभियान पर निकली थी। इसी दौरान नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए जवानों ने मोर्चा संभाला और दो नक्सलियों को ढेर कर दिया। सुरक्षा बलों द्वारा पूरे इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन जारी है।
लंकापल्ली में 2 शक्तिशाली IED बरामद, समय रहते किए गए डिफ्यूज
इधर, बीजापुर जिले के लंकापल्ली गांव में डीआरजी बीजापुर, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 9वीं वाहिनी और बीडीएस की संयुक्त टीम ने सड़क किनारे लगाए गए दो शक्तिशाली IED बरामद किए। जवानों ने सतर्कता बरतते हुए दोनों विस्फोटकों को सुरक्षित रूप से डिफ्यूज कर दिया। इस कार्रवाई से संभावित बड़े नुकसान को टाल दिया गया।
सुरक्षा एजेंसियां क्षेत्र में सतर्कता बनाए हुए हैं और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है।



