DMK की विदाई का काउंटडाउन शुरू’—तमिलनाडु में गरजे पीएम मोदी, बोले __ वादे बहुत किए, काम रहा ज़ीरो, “सरकार एक परिवार की जी हुजूरी में डूबी“
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डीएमके सरकार पर तीखा हमला बोला है। केरल में कार्यक्रम के बाद चेन्नई पहुंचे प्रधानमंत्री ने मदुरंथकम में एनडीए की पहली राजनीतिक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि तमिलनाडु में डीएमके सरकार के जाने की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज तमिलनाडु की सरकार का लोकतंत्र और जवाबदेही से कोई लेना-देना नहीं है। डीएमके सरकार केवल एक परिवार की सेवा में लगी हुई है और पार्टी में वही आगे बढ़ता है जो ज्यादा भ्रष्टाचार करता है।
DMK सरकार अब ‘CMC’ – भ्रष्टाचार, माफिया और अपराध की पहचान
पीएम मोदी ने डीएमके सरकार को ‘CMC सरकार’ करार देते हुए कहा कि इसका मतलब अब ‘Corruption, Mafia and Crime’ हो गया है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु का बच्चा-बच्चा जानता है कि कहां कितना भ्रष्टाचार हो रहा है और यह पैसा किसकी जेब में जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने दावा किया कि तमिलनाडु की जनता डीएमके को जड़ से उखाड़ फेंकने और बदलाव के लिए वोट देने का मन बना चुकी है।
परिवारवाद और भ्रष्टाचार ही DMK की पहचान: मोदी
प्रधानमंत्री ने डीएमके पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर किसी को डीएमके में आगे बढ़ना है तो उसके पास सिर्फ कुछ ही रास्ते हैं—
वंशवाद, भ्रष्टाचार, महिलाओं का अपमान या तमिल संस्कृति का अपमान।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और डीएमके दोनों केंद्र में सत्ता में रहीं, लेकिन एनडीए सरकार ने तमिलनाडु के विकास के लिए उनसे तीन गुना ज्यादा धनराशि आवंटित की है।
पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि SC/ST और पिछड़े वर्गों के नाम पर डीएमके सरकार ने सिर्फ भ्रष्टाचार किया।
DMK सरकार में ड्रग माफिया हावी, युवा बर्बाद हो रहे
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित तमिलनाडु के निर्माण में युवा और नारी शक्ति की बड़ी भूमिका है, लेकिन डीएमके सरकार ने युवाओं को ड्रग्स के हवाले कर दिया है।
ड्रग माफिया स्कूल और कॉलेजों को निशाना बना रहे हैं। माता-पिता अपनी आंखों के सामने बच्चों को बर्बाद होते देख रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि डीएमके नेताओं पर ड्रग माफिया से सांठगांठ के आरोप लग रहे हैं। शराब घोटाले को लेकर भी जनता में भारी आक्रोश है और माताएं-बहनें डीएमके सरकार से परेशान हैं।
वादे बहुत, काम जीरो—DMK ने जनता का भरोसा तोड़ा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि तमिलनाडु की जनता ने डीएमके को दो बार बहुमत दिया, लेकिन पार्टी ने जनता का भरोसा तोड़ दिया।
डीएमके ने वादे बहुत किए, लेकिन काम शून्य रहा।
उन्होंने कहा कि अब तमिलनाडु की जनता डीएमके को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है और राज्य में एनडीए की डबल इंजन सरकार बनना तय है।
