मोबाइल विवाद में छोटे भाई ने की बड़े भाई की हत्या, लकड़ी के खोटले से छाती पर किया जानलेवा वार
दंतेवाड़ा ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। गीदम थाना क्षेत्र के कमलापदर बड़े कारली गांव में मोबाइल को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां एक युवक ने गुस्से में आकर अपने ही बड़े भाई की हत्या कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 5 बजे दोनों भाइयों के बीच मोबाइल को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। विवाद के दौरान आरोपी छोटे भाई ने धान कूटने में इस्तेमाल होने वाले लकड़ी के खोटले से बड़े भाई की छाती पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से बड़े भाई की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही गीदम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है।