आंध्र प्रदेश: ONGC के चालू तेल कुएं में बड़ा हादसा, गैस रिसाव के बाद आग, चार गांव खाली कराए गए
आंध्र प्रदेश के कोनसीमा जिले के राजोले क्षेत्र में सोमवार को ONGC के एक चालू तेल कुएं से अचानक भारी गैस रिसाव हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब कुएं में मरम्मत का कार्य चल रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने इरुसुमंदा समेत आसपास के चार गांवों को एहतियातन खाली करा लिया। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।
मरम्मत के दौरान तेज ब्लास्ट, गैस में लगी आग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेल कुएं से उत्पादन अस्थायी रूप से बंद कर मरम्मत की जा रही थी। इसी दौरान अचानक तेज ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद गैस और कच्चा तेल तेजी से बाहर निकलने लगा। कुछ ही देर में गैस में आग लग गई और कुएं के पास ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने लाउडस्पीकर के जरिए लोगों से बिजली के स्विच बंद रखने, गैस चूल्हा न जलाने और किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का इस्तेमाल न करने की अपील की।
इलाका सील, ONGC की टीमें मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही ONGC की आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंच गईं और गैस रिसाव व आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया गया। सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके की घेराबंदी कर उसे सील कर दिया गया है। वरिष्ठ जिला प्रशासनिक अधिकारी और ONGC के अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं।
दीप इंडस्ट्रीज कर रही है कुएं का संचालन
इस तेल कुएं का संचालन ONGC की ओर से अहमदाबाद स्थित दीप इंडस्ट्रीज लिमिटेड कर रही है। कंपनी को वर्ष 2024 में ONGC के राजामुंद्री एसेट में उत्पादन बढ़ाने के लिए लगभग ₹1,402 करोड़ रुपये का ठेका मिला था।
तेल-गैस सेक्टर की प्रमुख कंपनी
दीप इंडस्ट्रीज लिमिटेड गुजरात के अहमदाबाद की कंपनी है, जो तेल और गैस सेक्टर में पुराने कुओं से उत्पादन बढ़ाने, गैस कंप्रेशन और ड्रिलिंग से जुड़ी सेवाएं प्रदान करती है। ONGC और ऑयल इंडिया इसके प्रमुख क्लाइंट हैं। कंपनी भारत के साथ-साथ विदेशों में भी अपनी सेवाएं दे रही है।
प्रशासन का कहना है कि हालात पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के बाद ही लोगों को गांवों में लौटने की अनुमति दी जाएगी।


