मध्य प्रदेश में कोहरे और ठंड का असर, 11 शहरों में तापमान 20°C से नीचे

भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश में ठंडी हवा और कोहरे का प्रभाव लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी भोपाल में लगातार दूसरे दिन घना कोहरा छाया रहा, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और ट्रेन की गति भी धीमी रही। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में शीतलहर और कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टरबेंस के गुजरने के बाद मौसम में नमी पर्याप्त है, जिससे पूरे उत्तर भारत में कोहरे का प्रभाव देखने को मिल रहा है। अगले दो दिन तक प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। उत्तरप्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और बिहार में भी इसी प्रकार की स्थिति बनी रहेगी।
11 शहरों में ठंड, पचमढ़ी सबसे ठंडी
शुक्रवार-शनिवार की रात प्रदेश के 11 शहरों में तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। सबसे कम तापमान पचमढ़ी में दर्ज किया गया, जहां पारा 5.6 डिग्री रहा। अन्य शहरों में तापमान इस प्रकार रिकॉर्ड किया गया:
- शिवपुरी: 6°C
- दतिया: 6.6°C
- ग्वालियर: 7.7°C
- शहडोल (कल्याणपुर): 8.1°C
- राजगढ़: 8.2°C
- मंडला: 8.9°C
- भोपाल: 11°C
- जबलपुर: 12.5°C
- उज्जैन: 12.6°C
अगले दो दिन कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने 5 और 6 जनवरी को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, दतिया, सतना, सीधी, सिंगरौली, रीवा, मऊगंज, मैहर, टीकमगढ़, निवाड़ी, छतरपुर और पन्ना जिलों में घना कोहरा रहने की चेतावनी दी है। नागरिकों को सुबह-सुबह यात्रा में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार, दिन के तापमान में गिरावट और घने कोहरे के कारण सुबह और रात में ठिठुरन बढ़ सकती है।



