दिल्ली से रवाना होगी वंदे भारत स्लीपर, 4 राज्यों के यात्रियों को मिलेगा तेज़ और आरामदायक सफर

आरामदायक सफर और तेज़ रफ्तार की पहचान बन चुकी वंदे भारत अब स्लीपर वर्जन में यात्रियों के सामने आने जा रही है। सूत्रों के अनुसार, पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन इसी महीने के अंत तक दिल्ली से कोलकाता के बीच परिचालन में आ सकती है।
इस ट्रेन के शुरू होने से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को तेज़ और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा। रेल मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि जनवरी के तीसरे सप्ताह में पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जा सकता है। हालांकि, पहले इसे दिसंबर 2025 में शुरू करने की योजना बनाई गई थी।
लंबी दूरी के यात्रियों के लिए आरामदायक सफर
हाल ही में वंदे भारत स्लीपर का हाई-स्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा हुआ। ट्रेन ने 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार हासिल की। हालांकि स्लीपर वर्जन में रफ्तार थोड़ी कम होगी, लेकिन यह लंबी दूरी के यात्रियों के लिए कहीं अधिक आरामदायक सफर प्रदान करेगा। इस ट्रेन को लंबी दूरी को ध्यान में रखते हुए डिज़ाइन किया गया है और इसमें यात्रियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।
4 राज्यों को होगा फायदा, बड़े स्टेशनों पर ठहराव की संभावना
दिल्ली–कोलकाता रूट पर प्रस्तावित वंदे भारत स्लीपर से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। फिलहाल यूपी और बिहार में ठहराव की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कानपुर, प्रयागराज, दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन और पटना जैसे बड़े स्टेशनों पर ठहराव की संभावना जताई जा रही है। इस रूट पर ट्रेनों की संख्या अधिक होने के बावजूद यात्रियों की भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट आम बात है, ऐसे में नई वंदे भारत स्लीपर को अच्छा रिस्पॉन्स मिलने की उम्मीद है।
हाई-स्पीड ट्रायल में ‘वॉटर टेस्ट’ से मिली तकनीकी पुष्टि
ट्रायल के दौरान ट्रेन के अंदर विशेष ‘वॉटर टेस्ट’ किया गया। 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती ट्रेन में टेबल पर रखे पानी से भरे गिलास सुरक्षित रहे, जिससे ट्रेन की एडवांस सस्पेंशन और वाइब्रेशन कंट्रोल टेक्नोलॉजी की मजबूती साबित हुई। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 30 दिसंबर को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर इसका वीडियो साझा किया और लिखा कि कोटा–नागदा सेक्शन पर किए गए इस टेस्ट ने वंदे भारत स्लीपर की नई पीढ़ी की तकनीकी क्षमताओं को प्रमाणित किया है।
नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन न केवल तेज़ और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करेगी, बल्कि लंबी दूरी के यात्रियों के लिए यात्रा का अनुभव भी और अधिक आरामदायक बनाएगी।



