” दीदी का सूपड़ा होगा साफ “: अमित शाह का बंगाल में BJP सरकार बनने का दावा

‘दीदी के गढ़’ में अमित शाह का दावा: BJP सम्मेलन में बोले—बंगाल में सत्ता परिवर्तन होगा, ममता सरकार में ‘मां, माटी, मानुष’ तीनों असुरक्षित
कोलकाता ( शिखर दर्शन ) // केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार (31 दिसंबर, 2025) को पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला किया और भाजपा कार्यकर्ताओं को शक्ति बढ़ाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य 2026 विधानसभा चुनाव में बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बनाना है।
अमित शाह ने कहा कि बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की भ्रष्टाचार, हिंसा, तुष्टीकरण और कुशासन की राजनीति के खिलाफ जनता में व्यापक आक्रोश है। उन्होंने कहा, “ममता सरकार में ‘मां, माटी, मानुष’ तीनों असुरक्षित हैं। भर्ती प्रक्रियाओं से लेकर कल्याणकारी योजनाओं तक भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण का जाल गरीबों और युवाओं के लिए चुनौती बना हुआ है। बंगाल को पहले कम्युनिस्ट और फिर तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकारों ने पीछे धकेला है, लेकिन हमारा उद्देश्य इसे ‘सोनार बांग्ला’ बनाना है।”

केंद्रीय गृह मंत्री ने घुसपैठ को बंगाल और पूरे देश की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती करार दिया। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने तुष्टीकरण की राजनीति के कारण इसे नजरअंदाज किया, लेकिन भाजपा सरकार बनते ही घुसपैठ रोकना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। अमित शाह ने चेतावनी दी कि घुसपैठिए राज्य के अर्थतंत्र, सुरक्षा तंत्र और संस्कृति पर बोझ हैं और इन्हें चुन-चुनकर बाहर किया जाएगा।
कोलकाता में आयोजित BJP कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा, “ममता दीदी भाजपा कार्यकर्ताओं पर कितना भी कहर बरपा लें, बंगाल में उनका सूपड़ा साफ होने वाला है। पश्चिम बंगाल में भाजपा की प्रचंड जीत का आधार कार्यकर्ताओं द्वारा किया जाने वाला जनसंपर्क ही होगा।”
अमित शाह ने बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं के बलिदान को भी याद किया। उन्होंने कहा, “2016 से 2025 के बीच 300 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपना जीवन गंवाया। अब उनके त्याग को सार्थक करने का समय आ गया है। बंगाल में भाजपा सरकार बनने पर अगले 25 सालों तक भाजपा को कोई हिला नहीं सकता।”



