रायपुर संभाग

हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र तोमर को पुलिस ने कोर्ट में किया पेश: 4 दिन की रिमांड मंजूर, पूछताछ में खुलेंगे कई राज

रायपुर (शिखर दर्शन) // राजधानी रायपुर के कुख्यात सूदखोर और हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र सिंह तोमर उर्फ रूबी तोमर को पुलिस ने ग्वालियर से गिरफ्तार करने के बाद सोमवार को अदालत में पेश किया। कोर्ट ने मामले की गंभीरता और जांच की आवश्यकता को देखते हुए उसे चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया है।

पहले 24 घंटे की रिमांड पर भेजा गया था तोमर

8 नवंबर को ग्वालियर से गिरफ्तार किए गए वीरेंद्र तोमर को रायपुर लाकर 9 नवंबर को भाठागांव इलाके में सुरक्षा के बीच पुलिस ने जुलूस निकालते हुए अदालत में पेश किया था। उस समय अदालत ने उसे 24 घंटे की पुलिस रिमांड पर भेजा था। अब रिमांड अवधि पूरी होने के बाद पुलिस ने आगे की जांच के लिए पुनः रिमांड बढ़ाने की अर्जी लगाई, जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया।
अगली पेशी 14 नवंबर को तय की गई है। पुलिस को उम्मीद है कि आगे की पूछताछ में सूदखोरी के नेटवर्क, अवैध वसूली और अन्य साथियों के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है।

ग्वालियर से पकड़ा गया बड़ा भाई, छोटे की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, आरोपी वीरेंद्र तोमर के खिलाफ तेलीबांधा और पुरानी बस्ती थाना क्षेत्रों में मारपीट, अवैध संपत्ति, आर्म्स एक्ट और करोड़ों रुपये की सूदखोरी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
उसके पास से पुलिस ने अवैध वसूली से संबंधित करोड़ों रुपये के दस्तावेज जब्त किए हैं। जांच में सामने आया है कि वह “विस्टों फाइनेंस ग्रुप” के नाम से उगाही का नेटवर्क चला रहा था।

छह माह से था फरार

वीरेंद्र और उसका भाई रोहित तोमर जून से फरार थे। पुलिस टीम ने उनकी गिरफ्तारी के लिए राजस्थान, हरियाणा और ग्वालियर में कई बार छापेमारी की। दोनों लगातार ठिकाने बदलते रहे और मोबाइल डिवाइस का इस्तेमाल नहीं कर रहे थे, जिससे पुलिस को उन्हें ट्रैक करने में दिक्कत हुई। अंततः रायपुर पुलिस की विशेष टीम ने ग्वालियर में रूबी तोमर को लोकेट कर गुप्त रूप से रेकी करने के बाद गिरफ्तार किया।

रायपुर में सुरक्षा घेरे में निकाला गया जुलूस

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने भाठागांव क्षेत्र में वीरेंद्र तोमर का जुलूस निकाला। इस दौरान वह लंगड़ाते हुए और कई बार गिरते हुए नजर आया। उसने बार-बार नारा लगाया — “अपराध करना पाप है, पुलिस हमारा बाप है।”
कुछ देर बाद वह बेहोश होकर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे वाहन में बैठाकर थाने पहुंचाया। इस दौरान उसकी पत्नी भी मौके पर मौजूद थी और जोर-जोर से चिल्लाती दिखी।

वीरेंद्र तोमर के खिलाफ दर्ज प्रमुख मामले

  • 2006: कारोबारी पर चाकू से हमला (आजाद चौक थाना)
  • 2010: व्यापारी से पैसों के लेनदेन पर मारपीट (गुढ़ियारी)
  • 2013: हत्या का केस दर्ज
  • 2016: मारपीट का मामला
  • 2017: महिला को धमकाने का मामला
  • 2019: पुरानी बस्ती में धोखाधड़ी और कूटरचना का केस
  • 2019: हलवाई लाइन के व्यापारी से ब्लैकमेलिंग की शिकायत

रोहित तोमर पर दर्ज मामले

  • 2015: महिला ने अप्राकृतिक कृत्य की रिपोर्ट दर्ज कराई
  • 2016: युवक से मारपीट (पुरानी बस्ती थाना)
  • 2017: भाठागांव की महिला से मारपीट और धमकी
  • 2018: ब्लैकमेलिंग की शिकायत
  • 2019: कोतवाली थाना में सूदखोरी और ब्लैकमेलिंग का केस

इन धाराओं में दर्ज हैं केस

तेलीबांधा थाना – अपराध क्रमांक 332/2025, धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस
पुरानी बस्ती थाना – अपराध क्रमांक 229/25, धारा 25 आर्म्स एक्ट,
अपराध क्रमांक 230/25, धारा 308(2), 111(1)

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!