रायपुर संभाग

चक्रवात मोंथा का असर जारी : तीन दिन से धूप गायब, कई इलाकों में तेज बारिश, अब धीरे-धीरे थमेगा असर

रायपुर (शिखर दर्शन) // पिछले तीन दिनों से प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रहा चक्रवाती तूफान मोंथा अब कमजोर पड़ने की स्थिति में पहुंच गया है, लेकिन इसका असर अभी भी छत्तीसगढ़ में दिखाई दे रहा है। शुक्रवार को भी राजधानी रायपुर में सूरज नहीं निकला और कई इलाकों में तेज बारिश हुई। आसमान में घने बादलों के कारण दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहा, जिससे दिन में ठंडक महसूस की गई। वहीं, रात में बादलों की चादर के चलते न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।

समुद्र में बने इस चक्रवात ने न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि आसपास के कई राज्यों के मौसम का मिजाज भी बदल दिया है। बीते तीन दिनों से शहर में धूप का दर्शन नहीं हुआ, जबकि बीच-बीच में बूंदाबांदी और खंड वर्षा का सिलसिला जारी रहा। शुक्रवार दोपहर के बाद शहर के कई हिस्सों में अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। यह खंड वर्षा होने के कारण मौसम विभाग के आंकड़ों में पूरी वर्षा दर्ज नहीं हो पाई।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, चक्रवात मोंथा अब उत्तर-पूर्व दिशा में बढ़ते हुए बिहार की ओर बढ़ रहा है और कमजोर होकर निम्न दाब क्षेत्र में बदलने की संभावना है। शनिवार को प्रदेश के कुछ इलाकों, खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ में, हल्की वर्षा और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने के आसार हैं। रविवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू हो सकती है, जिससे ठंड का असर बढ़ेगा।

राजधानी रायपुर का आज का मौसम
राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तापमान 24 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में आसमान साफ होने और तापमान में धीरे-धीरे गिरावट की संभावना जताई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!