रायपुर संभाग

मुख्यमंत्री साय का राजनांदगांव दौरा, उपमुख्यमंत्री की प्रेस कॉन्फ्रेंस, युवाकां अध्यक्ष का आंदोलन कार्यक्रम और कई सांस्कृतिक आयोजन

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ की राजनीतिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से आज का दिन खास रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, और युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब सहित कई प्रमुख हस्तियों के कार्यक्रम निर्धारित हैं। वहीं राजधानी रायपुर में विभिन्न सांस्कृतिक, धार्मिक और शैक्षणिक आयोजन भी दिनभर सुर्खियों में रहेंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का राजनांदगांव दौरा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजनांदगांव का दौरा करेंगे। वे विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार शाम 5:30 बजे वे रायपुर से राजनांदगांव के लिए रवाना होंगे और रात 8 बजे ‘युवा वेलफेयर फाउंडेशन’ द्वारा आयोजित समारोह में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर अपनी प्रस्तुति देंगे।

युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब का दूसरा दिन का छत्तीसगढ़ प्रवास
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब का आज छत्तीसगढ़ प्रवास का दूसरा दिन है। वे कई जिलों में संगठनात्मक बैठकों में शामिल होंगे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। बढ़ते बिजली बिलों के विरोध में कांकेर में युवा कांग्रेस ने आंदोलन की तैयारी की है। कलेक्टरेट घेराव के दौरान हजारों कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना है। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज भी मौजूद रहेंगे।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव की प्रेस कॉन्फ्रेंस
उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज दोपहर 12 बजे सिविल लाइन स्थित नवीन विश्राम भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। वे इस दौरान केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय से जुड़े आयोजनों की जानकारी साझा करेंगे। साथ ही सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर होने वाले “Sardar@150 Unity March” कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा करेंगे। इस प्रेस वार्ता का मुख्य फोकस एकता, राष्ट्रभक्ति और युवाओं की सहभागिता रहेगा।

भाजपा का ‘सहयोग केंद्र’ जारी
भाजपा प्रदेश कार्यालय में चल रहा ‘सहयोग केंद्र’ आज भी जारी रहेगा। इस पहल के तहत मंत्री कार्यकर्ताओं की समस्याएं और सुझाव सुन रहे हैं। आज स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल शिकायतें और सुझाव प्राप्त करेंगे। अब तक सात मंत्री इसमें भाग ले चुके हैं।

राज्य स्तरीय राष्ट्रीय विज्ञान संगोष्ठी आज
शासकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय शंकर नगर रायपुर में आज ‘क्वांटम युग का आगाज: संभावनाएं एवं चुनौतियां’ विषय पर राज्य स्तरीय राष्ट्रीय विज्ञान संगोष्ठी आयोजित की जा रही है। इसमें प्रदेश के नौ जोन से चयनित 18 बाल वैज्ञानिक और उनके मार्गदर्शक शिक्षक भाग लेंगे। संगोष्ठी का उद्घाटन सुबह 10 बजे कुलपति प्रो. संजय तिवारी करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन रमन विज्ञान केंद्र, तारा मंडल और छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता
खेल विभाग के तीरंदाजी एकेडमी ग्राउंड रायपुर में आज राज्य स्तरीय सब-जूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। छत्तीसगढ़ तीरंदाजी एसोसिएशन के सचिव आयुष मुरारका ने बताया कि इसी प्रतियोगिता के आधार पर खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धा के लिए किया जाएगा।

रायपुर में आज के सांस्कृतिक आयोजन

  • नाट्य मंचन: एक और द्रोणाचार्य, एकगामी नाट्य समिति द्वारा शाम 7 बजे गांधी चौक स्थित रंगमंदिर में प्रस्तुत किया जाएगा।
  • प्री-दिवाली सेलिब्रेशन ‘सरगम’: रोटरी क्लब ऑफ रायपुर एलिगेंस द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम दोपहर 3 बजे ललित महल छेरीखेड़ी में होगा।

ब्रह्मचारी सुबुद्धानंद महाराज का रायपुर आगमन
ज्योर्तिमठ एवं द्वारका-शारदा मठ के सचिव ब्रह्मचारी सुबुद्धानंद महाराज आज रायपुर पहुंचेंगे। वे बोरियाकला स्थित श्रीशंकराचार्य आश्रम में निवास करेंगे और चातुर्मास से जुड़े आवश्यक कार्यों का संपादन करेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!