मध्य प्रदेश में बारिश का दौर थमा, मौसम में आई ठंडक: कई शहरों में रातें हुईं सर्द, तीन जिलों में हल्की बारिश के आसार

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश में अब मानसून विदाई की ओर है और बारिश का सिलसिला लगभग थम चुका है। प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे हवाओं में हल्की ठंडक महसूस की जा रही है। अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में ही एमपी के कई शहरों की रातें सर्द होने लगी हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी हवाओं के कारण प्रदेश के तापमान में गिरावट आई है। राजगढ़ का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है, जबकि भोपाल में पारा 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले चार दिन तक प्रदेश में कहीं भी तेज बारिश की संभावना नहीं है।
हालांकि, मंडला, बालाघाट और डिंडोरी जिलों में आज हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं। बाकी जिलों में मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 11 से 13 अक्टूबर तक राज्य का मौसम शुष्क (ड्राई) रहेगा, जबकि 14 अक्टूबर यानी मंगलवार को कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है।
राज्य के अधिकांश इलाकों में सुबह और रात के समय हल्की ठंडक बढ़ने लगी है। मौसम में यह बदलाव धीरे-धीरे सर्दियों की आहट का संकेत दे रहा है।



