रायपुर संभाग

अमित शाह आज बस्तर दौरे पर: माता दंतेश्वरी के दर्शन के बाद दशहरा महोत्सव में होंगे शामिल, महिलाओं को देंगे महतारी वंदन की 20वीं किस्त

रायपुर (शिखर दर्शन) // केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार देर रात दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचे। अपने प्रवास के दूसरे दिन शनिवार को वे ऐतिहासिक बस्तर दशहरा महोत्सव में शामिल होंगे। इस दौरान वे जगदलपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे और प्रदेश की महिलाओं को महतारी वंदन योजना की 20वीं किस्त जारी करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अमित शाह आज सुबह 11 बजे रायपुर से जगदलपुर के लिए रवाना होंगे। दोपहर 12:05 बजे जगदलपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वे 12:15 बजे माता दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद 12:35 बजे सिरहासार भवन, जगदलपुर में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे और दोपहर 1:25 बजे लाल बाग मैदान में प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए मंचीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 3:25 बजे वे बस्तर दशहरा के आयोजन स्थल पहुंचकर पारंपरिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, और कई मंत्री मौजूद रहेंगे।

महिलाओं को मिलेगा 606.94 करोड़ का लाभ

केंद्रीय गृहमंत्री शाह आज प्रदेश की 65 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में 606.94 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर करेंगे। यह महतारी वंदन योजना की 20वीं किस्त होगी। इससे पहले 19 किस्तों में महिलाओं को 12,376 करोड़ रुपये की राशि दी जा चुकी है। नई किस्त जारी होने के बाद योजना का कुल आंकड़ा 12,983 करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगा।
गौरतलब है कि पिछली यानी 19वीं किस्त मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायगढ़ जिले के खरसिया से जारी की थी।

बस्तर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

अमित शाह के बस्तर प्रवास को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे बस्तर संभाग में 3-लेयर सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। सभी पुलिस कैंप और थानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सीमाई इलाकों में नाकाबंदी कर सघन जांच की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक न हो सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!