मध्यप्रदेश

CM आवास में शस्त्र पूजन: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन ने की समत्व भवन में शस्त्र पूजा, प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विजयादशमी पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में विशेष पूजा अर्चना की। पारंपरिक धोती-कुर्ता में सजे मुख्यमंत्री ने शक्ति स्वरूपा मां काली की विधि-विधान के साथ पूजा की और मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ में आहुति दी। उन्होंने शक्ति, साहस और विजय के प्रतीक के रूप में शस्त्रों का पूजन भी किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने मुख्य सुरक्षा अधिकारी समीर यादव का तिलक किया और मुख्यमंत्री निवास के वाहनों की पूजा भी की। मुख्यमंत्री सुरक्षा अधिकारी, कर्मचारियों एवं निवास में पदस्थ समस्त अधिकारियों और स्टाफ ने शस्त्र पूजा में भाग लिया। पूजा के पश्चात मुख्यमंत्री ने सभी को प्रसाद स्वरूप मिष्ठान वितरित कर दशहरे की मंगलकामनाएं और बधाई दी।

पूजा के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों के लिए संदेश देते हुए कहा कि विजयादशमी अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का पर्व है। उन्होंने प्रभु श्रीराम और महिषासुर मर्दिनी मां जगदंबा का स्मरण करते हुए कामना की कि प्रदेशवासियों पर सदैव प्रभु कृपा बनी रहे और सभी का जीवन मंगलमय हो।

समत्व भवन में शस्त्र पूजा के लिए विशेष साज-सज्जा की गई थी। पूजा स्थल पर प्रभु श्रीराम की धनुर्धर मुद्रा और भयाक्रांत रावण के चित्र के साथ ”या देवी सर्व भूतेषू मातृ रूपेण संस्थिता-नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:” मंत्र अंकित किया गया था। इसके अलावा “शस्त्रेण रक्षिते राष्ट्रे-शास्त्र चिंता प्रवर्तते” पंक्ति से शस्त्र पूजा के महत्व को दर्शाया गया। पूजा में पुलिस के अत्याधुनिक शस्त्रों का भी पूजन किया गया।

इस अवसर पर विधायक रामेश्वर शर्मा, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय नीरज मंडलोई, आयुक्त जनसंपर्क दीपक सक्सेना समेत कई अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!