पीएम मोदी पर अभद्र टिप्पणी का विरोध: कांग्रेस मुख्यालय घेराव को निकलीं भाजपा महिला मोर्चा कार्यकर्ता, पुलिस से भिड़ंत में हुई जमकर झूमाझटकी

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ इंडिया गठबंधन की सभा में की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन का घेराव करने की कोशिश की। इस दौरान बैरिकेडिंग लगाकर रोकने पहुंची पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की और झूमाझटकी हुई।
राजीव भवन का घेराव करने से पहले महिला मोर्चा ने बीटीआई मैदान में आमसभा की। इसमें प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडे, बाल आयोग अध्यक्ष वर्णिका शर्मा, महापौर मीनल चौबे, अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत समेत प्रदेशभर से आई बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता शामिल हुईं।
भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल न सिर्फ लोकतंत्र का अपमान है, बल्कि महिलाओं के सम्मान पर भी आघात है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस नेताओं द्वारा सार्वजनिक माफी नहीं मांगी गई, तो विरोध और तेज किया जाएगा।



