दिल्ली दौरे पर सीएम विष्णुदेव साय, अमित शाह करेंगे नक्सल ऑपरेशन में शहीद जवानों का सम्मान, वित्त मंत्री ओपी चौधरी होंगे GST बैठक में शामिल
रायपुर (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के साथ दिल्ली रवाना हुए। यह दौरा राजनीतिक और आर्थिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री साय और उप मुख्यमंत्री शर्मा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। सीएम ने एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा में बताया कि इस एक दिवसीय प्रवास के दौरान अमित शाह से कई मुद्दों पर बातचीत होगी। इसी दौरान कर्रेगुटा पहाड़ पर हुए मुठभेड़ में 31 नक्सलियों को ढेर करने वाले जवानों को गृह मंत्री शाह अपने निवास में सम्मानित करेंगे।
किसानों के लिए केंद्र से मिले 60,800 मीट्रिक टन यूरिया आबंटन पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली बार 50 हजार मीट्रिक टन आबंटन हुआ था, इस बार बढ़ाकर 60 हजार मीट्रिक टन कर दिया गया है। यह किसानों को राहत देने वाला फैसला है। वहीं, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के कांग्रेस की हार पर दिए बयान को लेकर सीएम साय ने टिप्पणी करते हुए कहा कि यह कांग्रेस का अंदरूनी मामला है और चिंता भी उन्हें ही करनी चाहिए।
इधर वित्त मंत्री ओपी चौधरी दिल्ली में 3 और 4 सितंबर को होने वाली जीएसटी काउंसिल की बैठक में शामिल होंगे। रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि GST 2.0 में बड़े सुधारों की घोषणा हुई है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से ऐलान किया था। चौधरी ने दावा किया कि नए जीएसटी से अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, खपत बढ़ेगी और महंगाई में भी कमी आएगी।
