बस्तर बाढ़ प्रभावित इलाकों का सीएम विष्णुदेव साय ने किया हवाई निरीक्षण, अधिकारियों संग करेंगे समीक्षा बैठक

रायपुर (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को बस्तर दौरे पर पहुंचे। उन्होंने बस्तर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ मंत्री केदार कश्यप और टंक राम वर्मा भी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री बस्तर, बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा करेंगे।
राहत शिविरों में भोजन और चिकित्सा सुविधा
प्रशासन ने बाढ़ प्रभावितों के लिए राहत शिविर स्थापित किए हैं, जहां पीड़ितों को भोजन और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही जरूरतमंदों के लिए डोनेशन के माध्यम से कपड़े एकत्र कर वितरण किया जा रहा है। रोटरी क्लब के सदस्यों ने कपड़े बांटे, वहीं जनप्रतिनिधियों ने भी पिछले दिनों राहत सामग्री प्रदान की।
100 से अधिक परिवार प्रभावित, 22 मकान पूरी तरह ध्वस्त
स्थानीय प्रशासन के अनुसार अब तक बाढ़ से 100 से अधिक परिवार प्रभावित हुए हैं। इनमें से 22 मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि कई मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। प्रभावित परिवारों को अस्थायी शिविरों में सुरक्षित स्थानांतरित किया गया है और प्रशासन ने आवश्यक मदद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।



