रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ आज: राजनीतिक हलचल से लेकर सांस्कृतिक उत्सव तक, कई बड़े आयोजन

रायपुर (शिखर दर्शन) //
छत्तीसगढ़ में आज का दिन राजनीति, संस्कृति और परंपराओं से सराबोर रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विदेश दौरे से लेकर कांग्रेस के तीजा-पोरा पर्व के भव्य आयोजन और चैतन्य बघेल की कोर्ट पेशी तक, प्रदेशभर में कई अहम घटनाक्रम होने जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री का जापान दौरा जारी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अपने जापान दौरे के दूसरे दिन राजधानी टोक्यो में जापानी उद्योगपतियों, व्यापार संघों और निवेशकों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद वे 25 और 26 अगस्त को ओसाका में होने वाले वर्ल्ड एक्सपो 2025 में हिस्सा लेंगे। वहीं, 27 से 29 अगस्त तक उनका कार्यक्रम सियोल में निवेशक गोलमेज बैठकों और कोरिया की शीर्ष कंपनियों व व्यापार संघों से मुलाकात का रहेगा।

कांग्रेस का तीजा-पोरा पर्व पर बड़ा आयोजन
राजधानी रायपुर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में आज तीजा-पोरा तिहार धूमधाम से मनाया जाएगा। कांग्रेस की ओर से आयोजित इस बड़े कार्यक्रम में प्रदेशभर की महिलाएं शामिल होंगी। सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस आयोजन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

शराब घोटाले में आज कोर्ट में पेश होंगे चैतन्य बघेल
शराब घोटाले के मामले में ईडी की कस्टडी में चल रहे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की रिमांड आज पूरी हो रही है। उन्हें शाम 4 बजे रायपुर की ईडी कोर्ट में पेश किया जाएगा। अदालत ने पहले उन्हें 5 दिन की कस्टोडियल रिमांड पर ईडी को सौंपा था।

पोला तिहार पर बैल दौड़ का आयोजन
रायपुर के रामसागर पारा में आज परंपरागत बैल दौड़ का आयोजन होगा। हर साल की तरह इस बार भी आकर्षक साज-सज्जा से सजे बैल इस प्रतियोगिता में शामिल होंगे। कार्यक्रम शाम 4 बजे से शुरू होगा।

बीजेपी किसान मोर्चा के नए अध्यक्ष का पदभार ग्रहण
बीजेपी किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर आज पदभार ग्रहण करेंगे। सुबह 11 बजे प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में होने वाले कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि होंगे। कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण और किसानों को पौधे वितरित किए जाएंगे।

बुनकर प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय अधिवेशन
राजधानी रायपुर में आज से बुनकर प्रकोष्ठ का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन शुरू हो रहा है। जैनम भवन में सुबह 11 बजे होने वाले उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह शामिल होंगे। देशभर से आए बुनकर प्रतिनिधि इस सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।


👉 यह संपूर्ण दिन छत्तीसगढ़ में राजनीतिक गतिविधियों, सांस्कृतिक आयोजनों और परंपराओं का संगम साबित होगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!