मध्यप्रदेश

मध्य प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय, 13 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट — अगले 24 घंटे में सतर्क रहें

भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश में मानसून की सक्रियता फिर से बढ़ गई है। राजधानी भोपाल में आज सुबह से काले बादल छाए हुए हैं और मौसम विभाग ने रिमझिम फुहारों के बीच 13 जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटों में इन जिलों में तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिससे आम जनता सतर्क रहे।

मौसम विभाग के अनुसार, सीहोर, हरदा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही सिवनी, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट जिलों में भी 24 घंटे में लगभग साढ़े चार इंच तक बारिश हो सकती है।

प्रदेश में 15 अगस्त से सक्रिय स्ट्रॉन्ग सिस्टम के चलते तेज बारिश के आसार हैं। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम बना हुआ है, जो प्रदेश में मौसम को प्रभावित कर रहा है। बंगाल की खाड़ी में एक और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है, साथ ही अगले 24 घंटे में यहां एक नया लो प्रेशर सिस्टम बनने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे भारी बारिश के दौरान सतर्कता बरतें और स्थानीय प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करें। बारिश के कारण सड़कें और निचले इलाकों में जलभराव हो सकता है, इसलिए वाहन चालकों व राहगीरों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!