रायपुर संभाग

बारिश से राजधानी को मिली राहत, प्रदेश में कई जिलों में अलर्ट

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी रायपुर में गुरुवार देर शाम करीब एक घंटे तक हुई बारिश ने उमस भरी गर्मी से राहत दिलाई। प्रदेश के कई हिस्सों में बिजली गिरने और मध्यम वर्षा का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले चार दिन बाद बारिश की गतिविधि में और बढ़ोतरी की संभावना जताई है। आज भी छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के सभी संभागों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। इस अवधि में सबसे अधिक तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में रिकॉर्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार, मानसून द्रोणिका मध्य समुद्र तल पर फिरोजपुर, चंडीगढ़ से होते हुए हिमालय की तराई के पास से उत्तर-पूर्व अरुणाचल तक फैली हुई है। साथ ही, बांग्लादेश के मध्य भाग में 3.1 से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण सक्रिय है। इनके प्रभाव से 8 अगस्त को प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। भारी बारिश मुख्यतः उत्तर छत्तीसगढ़ के इलाकों में हो सकती है।

कई क्षेत्रों में दर्ज हुई वर्षा
कुसमी और रायपुर में 5 सेमी, पाटन में 4 सेमी, लाभांडीह व सामरी में 3-3 सेमी, राजिम, गोबरा नवापारा, नारायणपुर, बालोद, दरभा, अभनपुर, रायपुर शहर, सकरी, तोकापाल, कुआकोंडा, गुंडरदेही, हरदीबाजार, करपावंड, सन्ना में 2-2 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा देवभोग, मैनपुर, भखारा, अंबागढ़ चौकी, चारामा, चलगली, माकड़ी, मर्दापाल, जशपुरनगर, सहसपुरलोहारा, अमलीपदर, कोंडागांव, जैजैपुर, कटेकल्याण, नया बाराद्वार में 1-1 सेमी वर्षा हुई।

रायपुर का आज का मौसम
राजधानी में आज दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

इन जिलों में यलो अलर्ट
अगले तीन घंटों के लिए मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, अचानक तेज हवा (30-40 किमी/घंटा) और वर्षा की संभावना है।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!