5 हजार शिक्षक भर्ती की तैयारी तेज़: लोक शिक्षण संचालनालय ने भेजा संशोधित प्रस्ताव, जल्द जारी होगा नोटिफिकेशन

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में युवाओं के लिए शिक्षक बनने का सुनहरा अवसर जल्द ही साकार होने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा घोषित 5,000 शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया को गति मिल गई है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने स्कूल शिक्षा सचिव को संशोधित प्रस्ताव भेज दिया है। अब स्कूल शिक्षा विभाग से हरी झंडी मिलने के बाद जल्द ही भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा।
संशोधित प्रस्ताव में विभिन्न पदों के लिए भर्तियों का स्पष्ट विवरण दिया गया है—
- सहायक शिक्षक: 2,000 पद
- सहायक शिक्षक (प्रयोगशाला): 200 पद
- शिक्षक (कला संकाय, कृषि, अंग्रेजी एवं संस्कृति): 1,500 पद
- खेल शिक्षक एवं योग शिक्षक: 300 पद
- व्याख्याता (अंग्रेजी, गणित, भौतिकी, रसायन, जीवविज्ञान, वाणिज्य, संस्कृत, कंप्यूटर एवं कला समूह): 1,000 पद
इस बार भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और डिजिटल माध्यम से संचालित करने की तैयारी है। अनुमान है कि यह नियुक्तियाँ प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक गुणवत्ता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की जा रही हैं।
राज्य के शिक्षा प्रेमियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह बड़ी खबर है। जैसे ही प्रस्ताव को स्वीकृति मिलेगी, आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी जा रही है कि वे संबंधित विभाग की वेबसाइट और अपडेट्स पर नजर बनाए रखें।