छत्तीसगढ़ विधानसभा सत्र का दूसरा दिन आज; CM साय करेंगे अयोध्या धाम स्पेशल ट्रेन रवाना, कांग्रेस का बिजली न्याय आंदोलन तेज, दिल्ली से लौटेंगे आदिवासी नेता, रेल यात्रियों को मिलेगी राहत

CG Morning News: विधानसभा में आज प्रश्नकाल से होगी शुरुआत, CM साय दिखाएंगे अयोध्या ट्रेन को हरी झंडी, कांग्रेस का बिजली न्याय आंदोलन भी शुरू
रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का आज दूसरा दिन है। पहले दिन दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि देने के बाद विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच कई मुद्दों पर तीखी नोंकझोंक देखने को मिली। डीएपी, खाद संकट और आरआई पदोन्नति परीक्षा जैसे मामलों पर विपक्ष ने सरकार को घेरा। आज सदन की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू होगी। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ‘बकाया कर ब्याज एवं शास्ति निपटान संशोधन अध्यादेश’ सदन में पेश करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री रामविचार नेताम और केदार कश्यप भी विभिन्न पत्र पटल पर रखेंगे। आज के सत्र में चार ध्यानाकर्षण भी लगे हैं।
CM साय का आज का शेड्यूल: अयोध्या दर्शन ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुबह 10 बजे विधानसभा पहुंचेंगे और सत्र की कार्यवाही में भाग लेंगे। इसके बाद वे दोपहर 12:30 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचकर श्रीरामलला दर्शन के लिए रवाना हो रही विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन छत्तीसगढ़ की “रामलला दर्शन योजना” के तहत रवाना हो रही है, जिसमें रायपुर संभाग के श्रद्धालु शामिल होंगे। ट्रेन के प्रस्थान अवसर पर मंत्रीगण, सांसद, विधायक, छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, प्रबंध संचालक विवेक आचार्य, रेलवे अधिकारी और IRCTC के वरिष्ठ प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
रेल यात्रियों के लिए राहत: 13 लोकल ट्रेनें बहाल
छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। दो साल 169 दिन के लंबे इंतजार के बाद गेवरारोड-रायपुर-गेवरारोड मेमू पैसेंजर ट्रेन समेत कुल 13 लोकल (डेमू-मेमू) ट्रेनों को आज से फिर से बहाल किया जा रहा है। यह फैसला दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर ज़ोन द्वारा लिया गया है, जिससे कोयलांचल क्षेत्र और दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
कांग्रेस का ‘बिजली न्याय आंदोलन’ आज से
बिजली दरों में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस आज से राज्यभर में ‘बिजली न्याय आंदोलन’ शुरू कर रही है। 18 जुलाई तक चलने वाले इस आंदोलन के पहले दिन सभी ज़िलों में कांग्रेस प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी। 16 से 18 जुलाई तक ब्लॉक स्तर पर बिजली विभाग का घेराव और 22 जुलाई को जिला मुख्यालयों में विद्युत कार्यालयों का घेराव किया जाएगा।
दिल्ली से लौटेंगे कांग्रेस के आदिवासी नेता
आदिवासी हितों को लेकर दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ हुई बैठक के बाद आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सहित कई आदिवासी नेता दोपहर 12:30 बजे रायपुर लौटेंगे। इस बैठक में अलग धर्म कोड सहित कई अहम विषयों पर चर्चा हुई।
आज रायपुर के प्रमुख कार्यक्रम
- शाला प्रवेशोत्सव: लक्ष्मीनारायण कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला का कार्यक्रम गुरुकुल परिसर कालीबाड़ी चौक में सुबह 11.30 बजे से।
- इक्तीसा जाप: जैन दादाबाड़ी, एमजी रोड में रात 8 से 10 बजे तक।
- अखंड रामायण पाठ: श्री हनुमान मंदिर, सप्रे शाला परिसर, बूढ़ापारा में संगीतमय रामायण पाठ।
- रुद्राभिषेक: ब्रह्मलोक आश्रम, परसदा में सुबह 9 बजे से रुद्राभिषेक।
यह पूरा दिन छत्तीसगढ़ की राजनीति, धर्म और जनजीवन के लिए खास रहने वाला है।
