छत्तीसगढ़ मॉर्निंग बुलेटिन: अमित शाह का दौरा बदला, सचिन पायलट की मैराथन बैठकें, रेल यात्रियों को राहत, रायपुर में लगेगा जॉब फेयर

रायपुर (शिखर दर्शन) // केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे का आज दूसरा दिन है, लेकिन उनका नारायणपुर दौरा अंतिम समय में रद्द कर दिया गया है। अब वे रायपुर में ही सुरक्षा बलों के कमांडर्स से मुलाकात करेंगे। बता दें कि गृह मंत्री अमित शाह 24 जून को वाराणसी में होने वाली मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में हिस्सा लेंगे, जिसमें उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी, मध्यप्रदेश के मोहन यादव और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहेंगे। वाराणसी पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी खुद गृह मंत्री का स्वागत करेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज वाराणसी रवाना होंगे
सीएम साय आज सुबह 10:40 बजे नवा रायपुर स्थित एक निजी रिसॉर्ट के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दोपहर 3:15 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे केंद्रीय मंत्री अमित शाह के साथ विशेष विमान से वाराणसी रवाना होंगे।
सचिन पायलट आज से छत्तीसगढ़ दौरे पर
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट आज दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंच रहे हैं। कल 23 जून को वे सुबह 8:45 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। दिनभर में वे पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी, प्रदेश कार्यकारिणी, जिलाध्यक्ष, मोर्चा व प्रकोष्ठ की बैठकों के अलावा रात 8 बजे कांग्रेस विधायकों से भी मुलाकात करेंगे। अगले दिन 24 जून को वे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दोपहर 2:55 बजे दिल्ली लौट जाएंगे।
बिलासपुर-काचीगुडा के बीच स्पेशल ट्रेन, यात्रियों को बड़ी राहत
रेलवे ने बिलासपुर और काचीगुड़ा के बीच चार फेरों के लिए विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है। ट्रेन संख्या 08263/08264, 23 जून, 30 जून, 7 जुलाई और 14 जुलाई को बिलासपुर से चलेगी जबकि वापसी में 24 जून, 1 जुलाई, 8 जुलाई और 15 जुलाई को काचीगुड़ा से रवाना होगी। इस ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे, जिसमें सामान्य, स्लीपर और एसी थ्री-टियर शामिल होंगे।
मंत्री लखन लाल देवांगन दिल्ली में गोलमेज सम्मेलन में होंगे शामिल
राज्य के मंत्री लखन लाल देवांगन आज भारत मंडपम, नई दिल्ली में सुरक्षित ऊर्जा भविष्य हेतु राज्य नेतृत्व पर मंत्री स्तरीय गोलमेज सम्मेलन में शामिल होंगे। वे शाम 7:20 बजे नियमित विमान से रायपुर लौट आएंगे।
रायपुर में आज लगेगा जॉब फेयर, युवाओं के लिए सुनहरा मौका
रायपुर जिले के शिक्षित युवाओं के लिए जिला रोजगार कार्यालय में आज जॉब फेयर आयोजित हो रहा है। यह आयोजन सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक पुराना पुलिस मुख्यालय, सिविल लाइन में होगा। इसमें कई कंपनियां भाग लेंगी और युवाओं को मौके पर ही रोजगार के अवसर मिल सकते हैं।
मौसम अपडेट: अगले दो दिन राहत, फिर सक्रिय होगा मानसून
छत्तीसगढ़ में आगामी दो दिन तक भारी वर्षा की संभावना नहीं है। हालांकि, मौसम विभाग ने उसके बाद मानसून की गतिविधियों में तेजी का पूर्वानुमान जताया है। आज कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और अंधड़ के साथ वज्रपात की संभावना है। रायपुर में तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक रह सकता है। बीते 24 घंटों में कुछ इलाकों में 2 से 5 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई है।
