Air India के बाद अब IndiGo विमान में भी तकनीकी संकट , गुवाहाटी से चेन्नई जा रही IndiGo फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, पायलट ने दिया ‘Mayday’ का मैसेज
बेंगलुरु/गुवाहाटी (शिखर दर्शन) // गुरुवार रात गुवाहाटी से चेन्नई जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E 6764 को आपात स्थिति में बेंगलुरु डायवर्ट कर सुरक्षित लैंडिंग करानी पड़ी। पायलट ने विमान में ईंधन की कमी को देखते हुए ‘फ्यूल मेडे’ सिग्नल जारी किया, जो किसी भी एयर ट्रैफिक सिस्टम में उच्चतम स्तर की आपात स्थिति मानी जाती है।
सूत्रों के अनुसार चेन्नई एयरपोर्ट पर भारी ट्रैफिक के चलते विमान को निर्धारित समय पर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल पाई, जिससे विमान को आसमान में कई चक्कर लगाने पड़े। इस दौरान ईंधन का स्तर खतरनाक रूप से नीचे आ गया, जिसके बाद पायलट ने मेडे कॉल भेजा और फ्लाइट को तत्काल बेंगलुरु एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया।
बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रात 8:15 बजे फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। लैंडिंग के तुरंत बाद यात्रियों को विमान से उतारकर आराम देने की व्यवस्था की गई। विमान में ईंधन भरा गया और यात्रियों को रिफ्रेशमेंट भी दिया गया। सभी सुरक्षा प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद फ्लाइट ने रात 10:24 बजे फिर से उड़ान भरी और सामान्य स्थिति में चेन्नई एयरपोर्ट पर लैंड किया।
विमान में कितने यात्री सवार थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी दी गई है। डीजीसीए (DGCA) और अन्य संबद्ध एजेंसियों को इस आपात स्थिति की पूरी जानकारी दे दी गई है।
अहमदाबाद हादसे के बाद बढ़ा हवाई सुरक्षा को लेकर भय
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की इंटरनेशनल फ्लाइट भीषण हादसे का शिकार हो गई थी, जिसमें 295 लोगों की मौत हुई थी। उस हादसे ने भारत में हवाई सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी हैं। इंडिगो की ताजा घटना के बाद यात्रियों में एक बार फिर डर का माहौल देखा जा रहा है।
DGCA ने मामले की जांच शुरू कर दी है, और इंडिगो से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। हालांकि इंडिगो की ओर से अब तक इस पूरे घटनाक्रम पर कोई विस्तृत बयान नहीं आया है।
_________________________________________

