बस्तर संभाग

राजधानी में धर्मांतरण को लेकर बवाल: पास्टर समेत चार पर FIR, डेढ़ सौ से ज्यादा लोग हिरासत में

रायपुर (शिखर दर्शन) // प्रदेश के सुदूर इलाकों के बाद अब राजधानी रायपुर में भी धर्मांतरण को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित दिशा कॉलेज रोड पर शुक्रवार को धर्मांतरण की खबर मिलते ही माहौल गरमा गया। शनि मंदिर के पास चल रही धार्मिक गतिविधियों की सूचना पर बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में वहां पहुंचे और जमकर विरोध-प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। सरस्वती नगर थाना प्रभारी सहित आला अधिकारियों ने हालात को संभालते हुए भीड़ को नियंत्रित किया। पुलिस ने बजरंग दल कार्यकर्ताओं की शिकायत पर पास्टर अमित सिंह, केशव महानंद, दुर्गेश महानंद और महेंद्र महानंद के खिलाफ धर्मांतरण अधिनियम की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। वहीं मौके से हिरासत में लिए गए डेढ़ सौ से अधिक लोगों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।

हिंदू धर्म के प्रति की गई कथित अभद्र टिप्पणी

बजरंग दल के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि पास्टर अमित सिंह पूर्व में भी धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान समुदाय विशेष के लोगों को भड़काने और हिंदू देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी करने के प्रयास कर चुके हैं। शिकायत में यह भी कहा गया कि नवरात्रि के समय मोहल्ले में निकलने वाले पारंपरिक सांग-बाणा जुलूस को रोका गया था और मंदिर में आरती के दौरान साउंड बॉक्स के प्रयोग पर आपत्ति की गई थी।

इस पूरी घटना ने राजधानी में धर्मांतरण को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ दी है। प्रशासन की भूमिका और धार्मिक स्थलों के आसपास हो रहे गतिविधियों को लेकर आम लोगों में भी चिंता की स्थिति बनी हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।

________________________________

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!