CG Morning News: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आज राजधानी सहित पूरे प्रदेश में विशेष आयोजन, मुख्यमंत्री जशपुर दौरे पर

रायपुर (शिखर दर्शन)// आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में खास कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। राजधानी रायपुर में जिला स्तरीय मुख्य समारोह इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) परिसर में आयोजित होगा, जिसमें राज्यपाल स्वयं भाग लेंगे। कार्यक्रम की थीम “योग: एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” रखी गई है। इस आयोजन में 300 से अधिक बच्चे, अधिकारी और जनप्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे, जहां वे रणजीता स्टेडियम में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री दुलदुला, कुनकुरी और तपकरा में विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इसके अंतर्गत कुनकुरी में नव-निर्मित सद्भावना भवन का उद्घाटन भी शामिल है। साथ ही मुख्यमंत्री वन विभाग द्वारा आयोजित चरण पादुका वितरण समारोह में भी शामिल होंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से मुख्यमंत्री जशपुरवासियों को विकास की कई सौगातें देंगे।
महाकोशल कला परिषद की पहल पर योग पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का आयोजन आज शाम 6 बजे किया जाएगा। इस योग कला प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि सिद्धांत करेंगे। प्रदर्शनी में “योग भगाए रोग”, “महात्मा बुद्ध और योग दर्शन”, “कुंडलिनी जागरण”, “दैनिक जीवन में योग” और “प्रकृति के साथ प्राणायाम” जैसे विषयों पर आधारित चित्रों को प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे दर्शकों को योग की विविधता और प्रभाव का परिचय मिलेगा।
मौसम अपडेट: मानसून की आहट के बीच कई जिलों में बारिश की संभावना
दक्षिण-पश्चिम मानसून सरगुजा से रायपुर तक तो पहुंच गया है, लेकिन प्रदेश के मध्य हिस्से में अभी पूरी तरह सक्रिय नहीं हो पाया है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की चेतावनी जारी की है। खासतौर पर सरगुजा संभाग के जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। राजधानी रायपुर में शुक्रवार को बादल छाए रहे, लेकिन भारी बारिश नहीं हुई।
__________________________________
