सरगुजा संभाग

उत्कृष्ट कार्य के लिए शिक्षिकाओं और संकुल समन्वयक को किया गया सम्मानित

शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार को प्रोत्साहन: बोलेगा बचपन गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षक सम्मानित

जशपुर (शिखर दर्शन) // जिला कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में कार्यरत ओपन लिंक्स फाउंडेशन (विनोबा ऐप) के सहयोग से जिले में उत्कृष्ट शिक्षकीय कार्य करने वाले शिक्षकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम संकल्प शिक्षण संस्थान, जशपुर में यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर संकुल समन्वयक गिनाबहार से अपसर हसन, माध्यमिक शाला मटासी से सरिता नायक और माध्यमिक शाला खरिझारिया से ममता कायता को प्रमाण पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। इन सभी शिक्षकों को विनोबा ऐप के माध्यम से मार्च माह में बोलेगा बचपन और अन्य नवाचारी गतिविधियों में बेहतरीन कार्य के लिए चुना गया था।

यशस्वी जशपुर के सदस्य संजीव शर्मा ने बताया कि जिले के शिक्षकों ने कविताएं, कहानियां और बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने वाली रचनात्मक गतिविधियों को ऐप में अपलोड किया था। इन गतिविधियों के आधार पर विश्लेषण कर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों का चयन किया गया।

इस संबंध में प्रोजेक्ट ऑफिसर सोमनाथ साहू ने जानकारी दी कि बोलेगा बचपन कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय विद्यालयों में बच्चों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है, जिसमें बच्चों को मंच प्रदान कर उनके आत्मविश्वास को निखारा जा रहा है।

गौरतलब है कि महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में सक्रिय गैर-सरकारी संस्था ओपन लिंक्स फाउंडेशन द्वारा विकसित विनोबा ऐप के माध्यम से एफएलएन, नवोदय प्रवेश परीक्षा की तैयारी, डेटा संग्रहण, और नवाचारी शिक्षण कार्यों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। यह संपूर्ण कार्यक्रम कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में यशस्वी जशपुर की टीम द्वारा संचालित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में अवनीश पांडे ने सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई दी और उनके योगदान की सराहना की।

___________________________________________________

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!