रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ में आज हलचल भरा दिन: मुख्यमंत्री साय बाल आयोग स्थापना दिवस में होंगे शामिल, कांग्रेस का युक्तियुक्तकरण के खिलाफ प्रदर्शन, राजनांदगांव जाएंगे दीपक बैज, रायपुर रेलवे स्टेशन का टिकट काउंटर होगा शिफ्ट

रायपुर (शिखर दर्शन) //
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित प्रदेशभर में आज राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों का दिन रहेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में सुबह 11 बजे आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के 15वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह विशेष अतिथि होंगे, वहीं आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा इसकी अध्यक्षता करेंगी। इस अवसर पर “शिक्षा का लक्ष्य चरित्र निर्माण – वर्तमान प्रणाली में चुनौतियां और समाधान” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन होगा, जिसमें शिक्षक, विद्यार्थी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता और स्व-सहायता समूह की महिलाएं भाग लेंगी।

इसके बाद मुख्यमंत्री साय दोपहर 2:10 बजे छत्तीसगढ़ राज्य सर्व सेन समाज द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में भाग लेंगे। यह कार्यक्रम एक निजी होटल में सुबह 10 बजे से शुरू होगा, जिसमें राज्यपाल रमेन डेका, डिप्टी सीएम अरुण साव, मंत्री केदार कश्यप और लक्ष्मी राजवाड़े भी शामिल होंगे।

युक्तियुक्तकरण के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन
शिक्षकों की पदस्थापना नीति ‘युक्तियुक्तकरण’ के विरोध में कांग्रेस आज तीसरे चरण का आंदोलन करेगी। दोपहर 12 बजे सभी जिलों में जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय का घेराव किया जाएगा। राजधानी रायपुर में कांग्रेस के प्रमुख नेता इस विरोध प्रदर्शन में भाग लेंगे।

राजनांदगांव जाएंगे पीसीसी चीफ दीपक बैज
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज आज राजनांदगांव के मोहड़ का दौरा करेंगे। वे मोहड़ में हुए गोलीकांड की घटना स्थल का निरीक्षण करेंगे और स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से संवाद करेंगे। वे दोपहर 12 बजे रायपुर से रवाना होंगे।

रेलवे स्टेशन का टिकट काउंटर आज होगा शिफ्ट
रायपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों के तहत गुढ़ियारी साइड स्थित आरक्षित और अनारक्षित टिकट काउंटर (UTS/PRS) को आज दोपहर 3 बजे शिफ्ट किया जाएगा। नई व्यवस्था के तहत 18 जून से यात्रियों को नई लोकेशन से टिकट सुविधा मिलेगी। रेल प्रशासन ने इसके लिए पूर्व सूचना जारी कर दी है।

भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री और प्रभारी रायपुर में
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री शिव प्रकाश और प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन आज रायपुर पहुंचेंगे। शिव प्रकाश सुबह 9 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जबकि नबीन रात 8 बजे आएंगे। वे कल पार्टी के विधायक दल की बैठक में भाग लेंगे, जिसमें मध्यप्रदेश मॉडल के आधार पर सांसद-विधायक प्रशिक्षण कार्यक्रम और “संकल्प से सिद्धि” अभियान की समीक्षा की जाएगी।

रायपुर में आज अन्य प्रमुख आयोजन

  • निःशुल्क योग प्रशिक्षण: गायत्री परिवार ट्रस्ट द्वारा समता कॉलोनी स्थित शक्तिपीठ हॉल में सुबह 7 से 8 बजे तक।
  • सहायक शिक्षक समायोजन काउंसलिंग: सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) पद पर समायोजन हेतु बीएडधारी 2621 शिक्षकों की ओपन काउंसलिंग आज से शासकीय शिक्षा महाविद्यालय, शंकर नगर में शुरू होगी, जो 26 जून तक चलेगी। नियुक्ति आदेश 25 जून से 4 जुलाई तक जारी किए जाएंगे।

यह दिन छत्तीसगढ़ के राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक परिदृश्य में अहम बदलाव और चर्चाओं का गवाह बनने जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!