रेलवे दीवार से बंद हुआ सिरगिट्टी का एकमात्र निस्तारीकरण मार्ग, 40 हजार लोगों की परेशानी को लेकर डीआरएम और नगर निगम आयुक्त से मिला प्रतिनिधिमंडल
बिलासपुर (शिखर दर्शन) //
सिरगिट्टी के नयापारा क्षेत्र में संतोषी मंदिर से गोविंद नगर तक के एकमात्र निस्तारीकरण मार्ग को रेलवे द्वारा दीवार खड़ी कर अवरुद्ध कर देने से वार्ड क्रमांक 11 और 12 की लगभग 40 हजार की आबादी गंभीर परेशानी में आ गई है। यह मार्ग स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों, मजदूर वर्ग, छोटे व्यापारियों और आम नागरिकों के लिए शहर से जुड़ने का एकमात्र और सीधा रास्ता था, जो अंडरब्रिज होते हुए मुख्य मार्ग से मिलता है। मार्ग बंद होने के कारण लोगों को लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।
इस गंभीर जनसमस्या के स्थायी समाधान और निस्तारीकरण मार्ग की शीघ्र बहाली की मांग को लेकर मंगलवार को जनप्रतिनिधियों और नागरिकों का एक प्रतिनिधिमंडल मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) और नगर निगम आयुक्त से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा।
रेलवे और नगर निगम को समन्वय कर शीघ्र समाधान का आग्रह
मुलाकात के दौरान जनप्रतिनिधियों ने डीआरएम और नगर निगम आयुक्त से मांग की कि रेलवे और नगर निगम आपसी समन्वय से शीघ्र कार्रवाई करते हुए इस मार्ग को प्राथमिकता में लेकर पूर्ण करें। प्रतिनिधियों ने बताया कि वर्तमान में इस मार्ग का वैकल्पिक रास्ता भी बंद हो चुका है, जिससे दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

मंडल रेल प्रबंधक ने शीघ्र निराकरण का दिया आश्वासन
मंडल रेल प्रबंधक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जनहित को देखते हुए रेलवे प्रशासन जल्द ही स्थायी समाधान की दिशा में कार्रवाई करेगा। वहीं, बिलासपुर नगर निगम आयुक्त अमित कुमार ने मौके पर ही रेलवे के सीनियर डीएन से दूरभाष पर बात करते हुए 6 जून को क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण कर वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराने और स्थायी सड़क निर्माण की दिशा में पहल करने की बात कही।
पिछली स्वीकृति के तहत अधूरी रह गई थी सड़क
वार्ड पार्षद और एमआईसी सदस्य श्रीमती केसरी इंगोले ने बताया कि रेल प्रशासन ने पहले 6 माह की अनुमति देकर 1500 मीटर में से केवल 500 मीटर सीसी रोड (पाण्डव भवन से संतोषी मंदिर तक) का निर्माण कार्य किया था, शेष हिस्सा कच्चा छोड़ दिया गया। यदि रेलवे शेष मार्ग के निर्माण की अनुमति दे दे, तो यह रास्ता आम जनता के लिए एक बार फिर राहत बन सकता है।
उपस्थित रहे जनप्रतिनिधि और नागरिकगण

इस प्रतिनिधिमंडल में श्रीमती केसरी इंगोले (वार्ड 11 पार्षद, एमआईसी मेम्बर), विजय सिंह मरावी (वार्ड 12 पार्षद, जोन-2 अध्यक्ष), भाजपा मंडल अध्यक्ष हरीश साहू, सुशील छाबड़ा, सुंदर सिंह, मनोज दुबे, गिरधारी सिंह, दिनेश कौशिक, रमेश साहू, सूर्यकांत तिवारी, अजय मनहरे, गिरी राव, द्रोण सोनकलिहारी, सोमनाथ पांडेय, सुरेंद्र नायक, सुनील सिंह, आनंद पाठक, राहुल खरे, अमित झा, विकास ध्रुव, अंकित मिश्रा, सुदीप रजक, सुभाष सिंह, सुरेश साहू, अमन सिंह, कृष्णा पाण्डेय, जैकी खान सहित विभिन्न वार्डों के नागरिकगण बड़ी संख्या में शामिल हुए।
जनता को राहत दिलाने जल्द ही होगी ठोस कार्यवाही
मंडल रेल प्रबंधक और नगर निगम आयुक्त दोनों ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि इस जनहित के मुद्दे को प्राथमिकता में लेते हुए जल्द ही संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में हो रही असुविधा का स्थायी समाधान हो सके।



