छत्तीसगढ़ में मौसम का कहर: आंधी-बारिश के बीच मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, रायपुर में तेज हवाओं से कई जगह गिरे पेड़

आंधी-बारिश से जनजीवन प्रभावित, 15 जिलों में ऑरेंज और 27 में येलो अलर्ट जारी
रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में मंगलवार को तेज आंधी, झमाझम बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया है। रायपुर शहर में तेज आंधी के साथ हुई बारिश से गर्मी से तो राहत मिली, लेकिन कई इलाकों में पेड़ गिरने से आवाजाही में दिक्कतें सामने आईं। गौरव पथ, सिविल लाइन, कटोरा तालाब सहित रिहायशी इलाकों में पेड़ों के गिरने से सड़क यातायात प्रभावित हुआ है।

इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। विभाग ने 15 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 27 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया है, जो आज शाम 7:05 बजे तक प्रभावी रहेगा।
इन 15 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने जिन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, उनमें सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, जशपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली शामिल हैं। इन इलाकों में मध्यम तूफान, 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
इन 27 जिलों में येलो अलर्ट
वहीं, सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में भी अचानक तेज हवाएं, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील की है। विशेष रूप से खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। आपदा प्रबंधन टीमें भी अलर्ट पर हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
