केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का छत्तीसगढ़ दौरा: मंत्रालय में उच्चस्तरीय बैठक के बाद अंबिकापुर में करेंगे 51 हजार आवासों का गृह प्रवेश

रायपुर (शिखर दर्शन) //
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को अल्प प्रवास पर छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ मीडिया से रू-ब-रू होते हुए राज्य में कृषि और ग्रामीण विकास को लेकर केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं पर चर्चा की।
कृषि मंत्री चौहान आज मंत्रालय में कृषि एवं ग्रामीण विकास विभाग की महत्वपूर्ण बैठक लेंगे, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, कृषि मंत्री विजय शर्मा और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री रामविचार नेताम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। बैठक में राज्य के कृषि विकास, किसान कल्याण योजनाओं और ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूती देने पर मंथन किया जाएगा।
बैठक के पश्चात कृषि मंत्री अंबिकापुर रवाना होंगे, जहां वे प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आयोजित भव्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे हितग्राहियों को घरों की चाबियां सौंपेंगे और कुल 51 हजार नवनिर्मित आवासों का सामूहिक गृह प्रवेश कराएंगे। इसके साथ ही, उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभा रही स्व-सहायता समूह की लखपति दीदियों को सम्मानित करने का भी कार्यक्रम निर्धारित किया है।
यह दौरा छत्तीसगढ़ में केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से चल रही विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
