PM Modi Visit: आदमपुर एयरबेस पहुंचे पीएम मोदी, भारतीय वायुसेना के जवानों से मिलकर बढ़ाया उनका हौसला, पाकिस्तान ने इसी बेस को उड़ाने का किया था दावा
प्रधानमंत्री मोदी ने आदमपुर एयरबेस पर पहुंचकर पाकिस्तान के प्रोपेगैंडा को किया नकारा, भारतीय वायुसेना के जवानों से मुलाकात

आदमपुर (शिखर दर्शन) // प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बिना किसी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के आदमपुर एयरबेस का दौरा किया। यहां उन्होंने भारतीय वायुसेना के जवानों से मुलाकात की और उनका हौसला बढ़ाया। प्रधानमंत्री मोदी के आगमन पर वायुसेना के जवानों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने बहादुर जवानों से बातचीत की और उनकी मेहनत की सराहना की। पीएम मोदी के साथ जवानों की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर भी वायरल हुई, जिसमें प्रधानमंत्री मुस्कुराते हुए वायुसेना के जवानों के साथ खड़े नजर आए।
आदमपुर एयरबेस पर पीएम मोदी के दौरे ने पाकिस्तान के एक झूठे दावे को पूरी दुनिया के सामने नकारा कर दिया। पाकिस्तान ने हाल ही में यह दावा किया था कि उसने भारतीय सैन्य ठिकानों को नुकसान पहुंचाया था, जिसमें आदमपुर एयरबेस भी शामिल था। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने 11 मई को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस दावे का खंडन करते हुए यह बताया था कि आदमपुर और सिरसा एयरबेस पूरी तरह से सुरक्षित हैं। आज प्रधानमंत्री मोदी के आदमपुर एयरबेस के दौरे ने पाकिस्तान के इस प्रोपेगैंडा को नकारते हुए यह साबित कर दिया कि भारतीय सैन्य ठिकाने पूरी तरह से ऑपरेशनल हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, “आज सुबह मैं एएफएस आदमपुर गया और हमारे बहादुर वायु योद्धाओं और सैनिकों से मिला। साहस, दृढ़ संकल्प और निडरता के प्रतीक लोगों के साथ रहना एक बहुत ही खास अनुभव था। भारत हमारे सशस्त्र बलों के प्रति हमेशा आभारी रहेगा, क्योंकि वे हमारे देश के लिए हर काम करते हैं।”

इस दौरान, एयरबेस पर पीएम मोदी के पीछे एक भारतीय लड़ाकू विमान दिखाई दे रहा था, जिसके ऊपर एक दिलचस्प संदेश लिखा था, “क्यों दुश्मनों के पायलट ठीक से सो नहीं पाते?” यह तस्वीर पीएम मोदी के दौरे का एक खास आकर्षण बनी और भारतीय वायुसेना की ताकत को दर्शाती है।

प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा न केवल भारतीय वायुसेना के जवानों के मनोबल को बढ़ाने का अवसर बना, बल्कि यह पाकिस्तान के झूठे दावों को भी बेनकाब करने में सफल रहा।
