घर में आग और गैस सिलेंडर ब्लास्ट, 9 लोग झुलसे, 6 की हालत नाजुक
पति-पत्नी सामान लेने गए थे बाहर, घर में सो रहे था 4 साल का बेटा , गैस सिलेंडर ब्लास्ट से हुआ धमाका, आग बुझाने की कोशिश में 9 लोग झुलसे
सक्ती (शिखर दर्शन) // सक्ती जिले के ग्राम सरवानी में सोमवार रात एक भीषण हादसा हुआ, जब घर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई और फिर घर के गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। इस घटना में 9 लोग झुलस गए, जिनमें से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ के अस्पताल में रेफर किया गया है।
हादसा उस वक्त हुआ जब यमुना शंकर और उनकी पत्नी प्रमिला साहू, जो “प्रमिला ब्यूटी पार्लर” के नाम से दुकान चलाते हैं, सामान लेने सक्ती गए हुए थे। इस दौरान उनके घर में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख पड़ोसियों ने बिना देर किए उनके चार वर्षीय बेटे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि आग इतनी तेज़ी से फैली कि रसोई में रखा गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया, जिससे स्थिति और भयावह हो गई।

ब्लास्ट इतना जोरदार था कि इसकी आवाज़ आसपास के घरों तक पहुंची और रसोई की दीवारें ढह गईं। फ्रिज, कूलर सहित कई सामान जलकर खाक हो गए। आग बुझाने के प्रयास में पड़ोसी पीतांबर साहू, प्रतिभा साहू, जिधन साहू, दिगम्बर साहू, भवानी पटेल, जम्मूलाल पटेल सहित कई लोग इसकी चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए।

इस घटना के बाद सक्ती जिले की आपातकालीन व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि आग बुझाने के लिए एंबुलेंस को जांजगीर जिले से बुलाना पड़ा, जिसमें 2 से 2.5 घंटे का समय लगा। घायलों को इलाज के लिए रायगढ़ के निजी अस्पताल भेजा गया। इस घटना में साहू परिवार के घर में लाखों रुपए का नुकसान होने की संभावना है, जिससे यह सवाल उठता है कि सक्ती जिले में खर्च होने वाले करोड़ों रूपए कहां जा रहे हैं।




