रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ से पाक नागरिकों की वापसी तय, CM साय बोले- ‘केंद्र के निर्देशों का सख्ती से होगा पालन’

छत्तीसगढ़ में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को छोड़ना होगा देश, वीजा रद्द कर केंद्र ने दिए सख्त निर्देश

रायपुर (शिखर दर्शन) //
पहलगाम आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा कूटनीतिक कदम उठाते हुए भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द कर दिए हैं। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को भी जल्द राज्य और देश छोड़ना होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाएगा और सभी शॉर्ट वीजा को निरस्त कर दिया गया है। पाकिस्तानी नागरिकों को तय समयसीमा में वापस लौटना अनिवार्य होगा।

गौरतलब है कि बीते 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने यह सख्त निर्णय लिया है। केंद्र ने स्पष्ट कर दिया है कि पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा केवल 27 अप्रैल तक वैध रहेंगे, जबकि मेडिकल वीजा धारकों को 29 अप्रैल तक की मोहलत दी गई है। भारत सरकार ने आदेश दिया है कि सभी पाकिस्तानी नागरिकों को अगले तीन दिनों के भीतर देश छोड़ना होगा। यह कदम राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।

छत्तीसगढ़ में पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान और दस्तावेजों की गहन जांच शुरू हो गई है। सूत्रों के अनुसार, राज्य में करीब 2000 पाकिस्तानी नागरिक मौजूद हैं, जिनमें से लगभग 1800 अकेले रायपुर में निवास करते हैं। इन नागरिकों में अधिकांश सिंधी समुदाय से हैं, जो मुख्य रूप से सड्डू, महावीरनगर, बोरियाकला और माना रोड जैसे इलाकों में बसे हुए हैं। इनमें से कुछ ने भारतीय नागरिकता भी प्राप्त कर ली है, जबकि कई अब भी प्रक्रिया में हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से संपर्क कर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि कोई भी पाकिस्तानी नागरिक तय समयसीमा के बाद भारत में न रहे। वहीं, केंद्र सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि हिंदू पाकिस्तानी नागरिकों को जारी दीर्घकालिक वीजा रद्द नहीं किए जाएंगे। ऐसे नागरिक भारत में रह सकते हैं, लेकिन बिजनेस, मेडिकल और धार्मिक वीजा पर आए लोगों को समयसीमा के भीतर देश छोड़ना अनिवार्य होगा।

राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर, छत्तीसगढ़ पुलिस अब वीजा की वैधता, नागरिकता स्थिति और गतिविधियों की जांच कर रही है। केंद्र सरकार ने पाकिस्तान से भारत आने वाले प्रत्येक व्यक्ति पर कड़ी निगरानी के निर्देश भी दिए हैं। फिलहाल, रायपुर समेत पूरे राज्य में इस अभियान को गंभीरता से अंजाम दिया जा रहा है।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!