मध्यप्रदेश

पेट्रोल से लोड वैगन में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी , रेलवे के छूटे पसीने

रेलवे ने तीनों दिशाओं से बजाया खतरे का सायरन

जबलपुर (शिखर दर्शन) // पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल अंतर्गत भिटौनी रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब पेट्रोल से भरे एक टैंकर वैगन में अचानक आग भड़क उठी। आग लगते ही स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे ने तीनों दिशाओं से खतरे का सायरन बजा दिया।

रेल प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल दुर्घटना राहत गाड़ी को मौके पर रवाना किया। वहीं रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे और आग को अन्य टैंकरों तक फैलने से रोकने के प्रयास में जुट गए। बताया जा रहा है कि यह पेट्रोल वैगन ट्रेन लगभग 50 बोगियों की थी, जिसमें बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पेट्रोल भरा हुआ था।

घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं। एहतियातन स्टेशन पर रेल यातायात को पूरी तरह से रोक दिया गया है, ताकि किसी भी बड़े हादसे से बचा जा सके।

रेलवे द्वारा अभी तक किसी प्रकार की जनहानि की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन आग के विकराल रूप को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाई गई है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रित होने तक स्टेशन पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!