अन्तर्राष्ट्रीय

पाकिस्तान: जाफर एक्सप्रेस हाईजैक, सेना ने 155 बंधकों को छुड़ाया, 27 बलूच लड़ाके ढेर, BLA का दावा- 30 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए

इस्लामाबाद (शिखर दर्शन) // पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) द्वारा हाईजैक की गई जाफर एक्सप्रेस को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। पाकिस्तानी सेना ने अब तक 155 बंधकों को छुड़ा लिया है, जबकि इस अभियान में 27 बलूच लड़ाके मारे गए हैं। दूसरी ओर, BLA ने दावा किया है कि उसने 30 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया है

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, आत्मघाती हमलावरों की आशंका

पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार, सेना और सुरक्षाबल अभी भी रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ बलूच लड़ाकों ने आत्मघाती जैकेट पहनी हुई है और वे यात्रियों को मानव ढाल के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। इस वजह से सुरक्षा बल बेहद सतर्कता से आगे बढ़ रहे हैं।

BLA ने बंधकों को बताया ‘युद्धबंदी’, पाकिस्तान सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम

BLA ने हाईजैक किए गए यात्रियों को ‘युद्धबंदी’ करार देते हुए उनकी रिहाई के बदले पाकिस्तान की जेलों में बंद बलूच कार्यकर्ताओं, राजनीतिक कैदियों, लापता लोगों और अलगाववादी नेताओं की बिना शर्त रिहाई की मांग की है। संगठन ने पाकिस्तान सरकार को मंगलवार रात 10 बजे से 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है और कहा है कि यह फैसला बदला नहीं जाएगा।

हाईजैक का वीडियो वायरल, ब्लास्ट के बाद धुएं से घिरा इलाका

हाईजैक की घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें देखा जा सकता है कि पहाड़ों के बीच गुजरती ट्रेन में अचानक तेज धमाका होता है और फिर पूरा आसमान धुएं से भर जाता है। वीडियो में बलूच लड़ाकों को पाकिस्तानी सेना और अर्धसैनिक बलों के जवानों को अर्धनग्न कर ले जाते हुए भी देखा गया है

रेलवे सेवाएं ठप, क्वेटा से चलने वाली ट्रेनें सस्पेंड

घटना के बाद पाकिस्तान रेलवे ने क्वेटा से देश के अन्य हिस्सों में जाने वाली बोलन मेल और जाफर एक्सप्रेस को अगले तीन दिनों के लिए निलंबित कर दिया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, क्वेटा से चमन जाने वाली पैसेंजर ट्रेन भी अब तक रवाना नहीं हुई है

पहाड़ी इलाके में BLA ने किया हमला, पहले भी हो चुके हैं हमले

BLA ने बलूचिस्तान के बोलान के माशकाफ इलाके में गुडालार और पीरू कुनरी के बीच इस हमले को अंजाम दिया। यह एक पहाड़ी क्षेत्र है, जहां 17 सुरंगें हैं, जिससे ट्रेनों की रफ्तार कम हो जाती है। इसी का फायदा उठाकर BLA ने सबसे पहले रेलवे ट्रैक को विस्फोट से उड़ा दिया, जिससे जाफर एक्सप्रेस पटरी से उतर गई। इसके बाद बलूच लड़ाकों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें ट्रेन का ड्राइवर भी घायल हो गया

इस ट्रेन में सुरक्षाबल, पुलिस और ISI के एजेंट्स सवार थे, जो पंजाब की ओर जा रहे थे। पाकिस्तानी बलों ने जवाबी कार्रवाई की, लेकिन BLA ने ट्रेन पर कब्जा कर लिया

पिछले साल भी हुआ था हमला

यह पहली बार नहीं है जब जाफर एक्सप्रेस को निशाना बनाया गया हो। 16 फरवरी 2023 को इस ट्रेन में एक विस्फोट हुआ था, जिसमें 2 लोगों की मौत हुई थी। वहीं, 14 नवंबर 2024 को क्वेटा रेलवे स्टेशन पर हुए हमले में 26 लोगों की जान गई थी और 50 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। उस हमले की जिम्मेदारी भी BLA ने ली थी

बंधकों की पूरी रिहाई तक ऑपरेशन जारी रहेगा

अधिकारियों के अनुसार, जब तक सभी बंधकों को सुरक्षित नहीं छुड़ा लिया जाता, तब तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहेगा। हालांकि, पाकिस्तान के लिए यह सुरक्षा विफलता का बड़ा मामला बन चुका है, क्योंकि बलूच अलगाववादी आए दिन इस तरह के हमले अंजाम दे रहे हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!