विधानसभा सत्र में अहम मुद्दों पर चर्चा, ईडी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, दिव्यांगजनों के लिए रोजगार मेला आज

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज 11वां दिन है, जहां सदन की कार्यवाही प्रश्नोत्तर काल से शुरू होगी। इसके बाद सदन में दो ध्यान आकर्षण प्रस्ताव पेश किए जाएंगे। इनमें आदिम जाति विकास मंत्री राम विचार नेताम और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा के विभागों से जुड़े मामलों पर चर्चा होगी। इसके अलावा गिरौधपुरी धाम के विकास कार्यों में स्वीकृत राशि की अनियमितता और प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत जर्जर सड़कों का मामला उठाया जाएगा।
आज के सत्र में वित्तीय वर्ष 2025-26 की अनुदान मांगों पर भी चर्चा होगी, जिसमें उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा और लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के विभागों से संबंधित मुद्दे शामिल होंगे।
ईडी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के छापे के विरोध में आज कांग्रेस प्रदेशभर में प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस कार्यकर्ता सभी जिलों में ईडी के खिलाफ नारेबाजी करेंगे और पुतला दहन करेंगे। पार्टी का आरोप है कि केंद्र सरकार राजनीतिक प्रतिशोध के तहत ईडी का दुरुपयोग कर रही है।
भाजपा महिला मोर्चा का होली मिलन समारोह आज
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा आज होली मिलन समारोह का आयोजन करेगी। यह कार्यक्रम दोपहर 3 बजे भाजपा जिला कार्यालय, एकात्म परिसर में होगा, जिसमें महिला मोर्चा की प्रमुख नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगी।
दिव्यांगजनों के लिए विशेष रोजगार मेला
राजधानी रायपुर में आज दिव्यांगजनों को रोजगार देने के लिए विशेष रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक सिविल लाइन में आयोजित होगा, जहां विभिन्न कंपनियां और संस्थान दिव्यांगजनों को नौकरी देने के लिए अवसर प्रदान करेंगी। इस मेले में 100 से अधिक दिव्यांगजनों को रोजगार मिलने की संभावना है।
