Mhow Violence: भारत की जीत का जश्न बना बवाल, विजय जुलूस पर पथराव से भड़की हिंसा, 13 गिरफ्तार, रासुका की तैयारी
इंदौर (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के महू में चैंपियंस ट्रॉफी की जीत का जश्न अचानक हिंसा में तब्दील हो गया। विजय जुलूस के दौरान पथराव होने से दो पक्षों के बीच झड़प हो गई, जिसके बाद उपद्रवियों ने गाड़ियों और दुकानों में आग लगा दी। स्थिति तनावपूर्ण होते ही पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा। फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं, और अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। प्रशासन आरोपियों पर रासुका (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) लगाने की तैयारी कर रहा है।

पटाखों से बढ़ा विवाद, हिंसा में तब्दील
9 मार्च को भारत ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस जीत का जश्न मनाने के लिए महू में विजय जुलूस निकाला गया। आरोप है कि इस दौरान एक समुदाय विशेष की ओर पटाखे फेंकने पर तनाव बढ़ गया और देखते ही देखते माहौल हिंसक हो गया। उपद्रवियों ने पेट्रोल बम फेंके, कई वाहन जला दिए और दुकानों में आग लगा दी।
मस्जिद के बाहर शोर और सुतली बम फेंकने का आरोप
इस घटना को लेकर मुस्लिम पक्ष ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। जामा मस्जिद के इमाम मोहम्मद जाबिर ने कहा कि सोशल मीडिया पर गलत धारणा फैलाई जा रही है कि मुस्लिम समुदाय को भारत की जीत से समस्या थी। उन्होंने बताया कि पहले से तय था कि मस्जिद के पास से जुलूस नहीं निकलेगा, लेकिन फिर भी रात में शोर-शराबे के साथ वहां से जुलूस गुजरा। इमाम ने आरोप लगाया कि इस दौरान मस्जिद के अंदर सुतली बम फेंका गया, जिससे माहौल बिगड़ गया। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।

13 गिरफ्तार, रासुका लगाने की तैयारी
इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और जल्द ही आरोपियों पर रासुका लगाई जाएगी। उन्होंने सख्त कार्रवाई का आश्वासन देते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। हिंसा में घायल चार लोगों का इलाज एमवाय अस्पताल में जारी है।

पुलिस बल तैनात, ड्रोन से निगरानी
महू में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने दो एफआईआर दर्ज कर 17 आरोपियों को नामजद किया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। पूरे क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर ड्रोन से निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

